‘बदलाव लाना होगा, साल लगे या सदी हम पीछे नहीं हटेंगे’, अखिलेश बोले-BJP सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज नोएडा के दादरी से पार्टी का चुनावी बिगुल फूंक दिया है. रैली में आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है. अखिलेश ने कहा कि बदलाव लाना होगा, साल लगे या सदी हम पीछे नहीं हटेंगे.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर इस बार अखिलेश यादव की खास नजर है. यहां की 32 जिलों की तकरीबन 140 सीटों पर वह सपा की पकड़ मजबूत करना चाहते हैं. अखिलेश की चाहत है कि वह इनमें से अधिकतम सीटें जीतकर अपनी पार्टी का पलड़ा मजबूत कर सकें. यही वजह है कि उन्होंने मिशन 2027 की शंखनाद के लिए नोएडा को चुना. अखिलेश यादव ने दादरी स्थित मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में आयोजित भाईचारा सम्मेलन में पीएम मोदी के ATM वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘सत्ता पक्ष मुद्दों से ध्यान भटकने की कोशिश कर रही है. वह सिलेंडर का जिक्र करना भूल गए, इसलिए मुद्दों को भटकाने वाले बयान दे रहे हैं.’
किसानों, युवाओं और महंगाई पर क्या बोले अखिलेश
अपने भाषण में अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं को भी उठाया. उन्होंने फसल के उचित दाम, आवारा पशुओं की दिक्कत और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने कहा कि सपा कि सरकार बनने पर किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य दिलाया जाएगा और युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा. अखिलेश यादव ने पीडीए ( पिछला दलित अल्पसंख्यक) के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी रणनीति नहीं बल्कि सामाजिक न्याय का अभियान है. उन्होंने दावा किया है कि समाज के वंचित वर्गों को मुख्य धारा में लाने के लिए यह लड़ाई जारी रहेगी.
अखिलेश ने बदलाव लाने की अपील की
अखिलेश यादव ने कहा कि धरती पर सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली अगर कोई पार्टी है तो उसका नाम नहीं लेना है. वह पीडीए समाज का अपमान करती है. उनके साथ भेदभाव, तिरस्कार होता है और समय समय पर उनका सम्मान छीना जाता है. उनके इस दर्द को कोई और नहीं समझ सकता है. हमें बदलाव लाना होगा, साल लगे या सदी, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. नहीं तो 5% लोग 95% लोगों का शोषण करके अधिकारों से वंचित करने का काम करते रहैंगे.
बीजेपी पर भ्रष्टाचार और वादा खिलाफी का लगाया आरोप
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है. 15 लाख रुपए और रोजगार जैसे वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताया. साथ ही आरोप लगाया कि बीजेपी शासन में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है. भाजपा सिर्फ जनता को लाइनों में खड़ा देखना पसंद करती है. जब से बीजेपी सरकार सत्ता में आई है तब से जनता को किसी न किसी बातों में उलझा कर लाइनों में खड़ा रखने का काम बीजेपी सरकार ने प्रमुखता से किया है.
स्थानीय मुद्दों और नोएडा का भी जिक्र
अखिलेश यादव ने नोएडा में विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं का भी मुद्दा उठाया उन्होंने फर्जी एनकाउंटर और जमीन से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए प्रशासन पर सवाल खड़े किए. रैली के मंच से अखिलेश यादव ने साफ संकेत दिया कि यह सम्मेलन 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और बूथ स्तर पर काम करने का आह्वान किया. रैली में मौजूद सांसद इकरा हसन समेत अन्य सभा नेताओं ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला
पश्चिमी यूपी में सियासी माहौल गरमाया
इस रैली के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश की रणनीति और गरमा गया है. एक तरफ भाजपा अपने विकास कार्यों को लेकर मैदान में है तो वहीं सपा सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है. अब आने वाला समय यह तय करेगा कि आखिर 2027 में समाजवादी पार्टी किस तरह से अपनी बढ़त बनती है.