टैंक फुल कराकर भागा थार सवार, सेल्समैन ने पीछा किया तो मारी टक्कर; 5 किमी तक घसीटा बाइक

ग्रेटर नोएडा में एक थार चालक ने पेट्रोल पंप पर तेल भराकर बिना भुगतान किए भागने की कोशिश की. सेल्समैन ने पीछा किया तो आरोपी ने उसे टक्कर मार दी और उसकी बाइक को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटता रहा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को लुहारली टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

थार गाड़ी की जांच करती पुलिस Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की शाम तेल भराने आए एक थार सवार ने टैंक फुल कराने के बाद भागने की कोशिश की. वहीं जब सेल्समैन ने बाइक से पीछा किया तो आरोपी ने उसे टक्कर मार दी. इस दौरान सेल्समैन की बाइक उसकी गाड़ी में फंस गई. इसके बावजूद आरोपी करीब पांच किमी तक बाइक को घसीटते हुए ले गया. इतने में हरकत में आई पुलिस ने लुहारली टोल प्लाजा के पास आरोपी को धर दबोचा है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी थार चालक पेट्रोल पंप पर आया और पहले टैंक फुल कराया. इसके बाद सेल्समैन से कहा कि वह कार्ड से पेमेंट करेगा. ऐसे में सेल्समैन मशीन लेने ऑफिस में गया, लेकिन इतने में थार सवार गाड़ी स्टार्ट कर भागने लगा. यह देखकर सेल्समैन ने भी बाइक से पीछा किया और कुछ दूर आगे जाकर थार को ओवरटेक कर लिया. लेकिन आरोपी ने उसे टक्कर मार दी. इस दौरान सेल्समैन तो बाइक से गिरकर चोटिल हो गया, लेकिन बाइक थार गाड़ी के अगले हिस्से में फंस गई.

पांच किमी घसीटा बाइक

इसके बावजूद थार सवार ने गाड़ी रोकी नहीं, बल्कि और तेज स्पीड में बाइक को घसीटते हुए बुलंदशहर की ओर भागा. हालांकि इतने में पुलिस हरकत में आ गई थी. पुलिस ने उसे लुहारली टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया है. आरोपी थार सवार की पहचान बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र की जोली गांव के रहने वाले 22 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है. शुक्रवार को वह अपने मामा के घर दुजाना गांव आया था. यहां से वापसी में शाम करीब 6:30 बजे उसने इस वारदात को अंजाम दिया.

वायरल हो रहा वीडियो

सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी आरके गौतम ने बताया कि टक्कर के बाद भी सेल्समैन की बाइक थार गाड़ी में फंस गई थी. बावजूद इसके थार सवार ने बाइक को घसीटते हुए गाड़ी भगाने की कोशिश की. इस दौरान सड़क पर बाइक घिसटने के कारण चिंगारी उठती रही. इसे देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई. कई लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में भी डाला है. यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.