लाशों का डंपिग ग्राउंड बना नोएडा एक्सप्रेसवे, 24 घंटे के अंदर मिले दो शव, जांच में जुटी पुलिस
नोएडा एक्सप्रेस-वे पर 24 घंटे के अंदर दो शवों की बरामदगी हुई है. ये दोनों शव अलग-अलग जगह मिले हैं. इसमें एक शव पुरुष का है और दूसरी महिला की है. पुलिस का कहना है ऐसा लग रहा है कहीं और कत्ल कर लाशों को यहां लाकर डंप कर दिया गया है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर 2 शव मिले हैं. इससे यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल शवों की शिनाख्त की जा चुकी है. दोनों मामले की जांच के लिए अलग- अलग टीमें गठित कर दी गई हैं.
सबसे पहले सेक्टर 135 स्थित डूब क्षेत्र में 45 वर्षीय एक ट्रक चालक का शव सड़क किनारे खून से सना हुआ मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया.
मिक्सर प्लांट में ट्रक ड्राइवर है मृतक
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे रंजिश या आपसी विवाद के चलते हत्या मामले के तौर पर देख रही है. पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कर ली गई है. मृतक राकेश मिक्सर प्लांट में चालक के रूप में काम करने वाला है. अब मृतक के बारे में अन्य जानकारियों के लिए पुलिस मिक्सर प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों और उसके संचालक से पूछताछ करने वाली है.
एक्सप्रेस वे से लगे सर्विस रोड पर मिली युवती की लाश
इस घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस को एक युवती का शव एक्सप्रेस वे थाना क्षेत्र के माल के सामने सर्विस रोड के किनारे पड़ा हुआ मिला. राहगीरों ने जब इस युवती के शव को दिखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. युवती की शिनाख्त कविता के तौर पर कर ली गई है.
क्या हत्या कर नोएडा में फेंक दी जा रही हैं लाशें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच से ऐसा लग रहा है कि हत्या कहीं और की गई है. शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है. फिलहाल, पुलिस शव यहां कैसे पहुंचा इसकी जानकारी हासिल करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है.
पुलिस का दावा-जल्द होगा मामले का खुलासा
गौतम बुध नगर के ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी भी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. मोबाइल कॉल डिटेल लोकेशन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. जल्द ही पुलिस दोनों ही मामलों का खुलासा करेगी.
