फरवरी में गर्मी, नोएडा-लखनऊ समेत कई शहरों में बढ़ा तापमान; क्या फिर बदलेगा मौसम?

फरवरी आधा बीतते ही नोएडा, लखनऊ समेत यूपी में असामान्य गर्मी पड़ रही है, दिन में पंखे चलने लगे हैं. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 17-18 फरवरी को पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी.

लखनऊ में मौसम

अभी फरवरी का महीना आधा ही बीता है, लेकिन नोएडा-गाजियाबाद से लेकर अयोध्या लखनऊ तक मौसम गर्म हो गया है. दिन के समय तो पंखे चलाने ही पड़ रहे हैं, रात में भी रजाई बर्दाश्त नहीं हो रही. इस समय पूरे प्रदेश में गुलाबी सर्दी ही शेष बची है. हालांकि मौसम विभाग का दावा है कि अभी सर्दी बाकी है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों के अंदर उत्तर प्रदेश के खासतौर पर पश्चिमी हिस्से में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने इस हफ्ते की बुलेटिन जारी की है. इसमें कहा गया है कि इस हफ्ते की शुरुआत में ही एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो सकता है. इसकी वजह से प्रदेश में बादल छा सकते हैं. खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को आंधी के रूप में तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका है. मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस हफ्ते सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और मैनपुरी में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है.

प्रदेश में आज का मौसम

राजधानी लखनऊ में आज 15 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. चटखदार धूप होगी. इसकी वजह से अधिकतम तापमान चढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के आसार हैं. इसी प्रकार नोएडा गाजियाबाद में भी साफ मौसम के साथ अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है. हालांकि मथुरा, आगरा, अलीगढ़, अमेठी, बागपत, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, गाजीपुर और झांसी समेत कुछ जिलों में आज सुबह और शाम के वक्त हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है.

बारिश लगाएगी तापमान पर ब्रेक

मौसम विभाग के मुताबिक पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. मौसम विज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है. हालांकि संभावित बारिश की वजह से बढ़ते तापमान पर भी ब्रेक लग जाएगा. इससे एक बार फिर उत्तर प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है. मौसम में इस तरह से हो रहे बदलाव की वजह स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. इसी प्रकार खेतों में तैयार खड़ी फसलों को भी नुकसान हो सकता है.