पूर्वांचल में कल मूसलाधार बारिश, मध्य UP में भी बदलेगा मौसम; देखें नोएडा-गाजियाबाद में वेदर अपडेट
उत्तर प्रदेश में मानसून जाते-जाते मेहरबान है. पूर्वांचल और मध्य यूपी के 20 से अधिक जिलों में 26-27 अगस्त को मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी हुआ है. आईएमडी के मुताबिक, गोरखपुर, वाराणसी जैसे शहरों में भारी वर्षा होगी, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम सुहाना रहेगा. इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है.
उत्तर प्रदेश में अगस्त महीने के साथ ही मानसून भी विदाई की ओर है. हालांकि जाते जाते मानसून यूपी में खास मेहरबान है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार की तरह बुधवार को भी यूपी के 20 से अधिक जिलों में मानसून कहर बरपा सकता है. इनमें पूर्वांचल के जिलों के अलावा मध्य यूपी के कुछ जिले शामिल हैं. हालात को देखते हुए मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है.
फिलहाल उत्तर प्रदेश में बदले मौसम की वजह से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. अब मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के मुताबिक बुधवार यानी 26 अगस्त और गुरुवार यानी 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भारी से भी भारी बारिश हो सकती है. हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन यहां भी बादल छाए रहेंगे और गर्मी से राहत मिलेगी.
बारिश से आ सकती है तबाही
मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य यूपी तक सामान्य से ज्यादा बारिश होगी. कुछ जिलों में लगातार भारी से भारी बारिश होने के आसार हैं. हालांकि पश्चिम के मैदानी और तराई इलाकों तक आते आते बारिश कमजोर पड़ सकती है. फिलहाल आईएमडी ने गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, बस्ती, सुल्तानपुर और चंदौली में काले बादलों के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में भी होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बुंदेलखंड और विंध्य अंचल में भी इन दो दिनों के अंदर अच्छी बारिश की संभावना है. खासतौर पर झांसी, हमीरपुर, बांदा, महोबा, चित्रकूट, मिर्जापुर और सोनभद्र आदि जिलों में रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ-मुरादाबाद से लेकर नोएडा गाजियाबाद के लिए कोई अलर्ट तो नहीं है, लेकिन इन जिलों में भी बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहाना रहेगा.