पहले जहरीला इंजेक्शन लगाकर GF की हत्या, फिर खुद रखा फर्जी सुसाइड नोट; नर्स हत्याकांड का खुलासा
मेरठ में नर्स नेहा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. प्रेमी सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर नेहा को जहरीला इंजेक्शन देकर मार डाला. हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए उन्होंने फर्जी सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां रखीं. पुलिस ने सुसाइड नोट की लिखावट और कॉल डिटेल्स से मामले की परतें खोलीं. नेहा शादी का दबाव बना रही थी, जिसके चलते प्रेमी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
उत्तर प्रदेश में मेरठ के एक अस्पताल में नर्स हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. यह वारदात लोहिया नगर स्थित निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) में शनिवार दोपहर की है. इसमें एक 25 वर्षीय नर्स नेहा की हत्या जहर का इंजेक्शन लगाकर की गई है. हत्यारोपी ने इस वारदात को सुसाइड करार देने की भी कोशिश की. इसके लिए उसने मृतका की जेब में एक फर्जी सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां रख दी थीं. हालांकि इसी सुसाइड नोट की राइटिंग से पुलिस ने वारदात का खुलासा कर दिया है.
पुलिस ने मुख्य आरोपी जो उसका प्रेमी ही है, उसे और उसके एक साथी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक अस्पताल की ओटी में एक महिला कर्मचारी की लाश मिलते ही हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. जांच पड़ताल के दौरान शव की पहचान 25 वर्षीय नेहा के रूप में हुई. वह इसी अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत थी. वह शनिवार की सुबह रोज की तरह अपनी ननद के साथ अस्पताल के लिए निकली थी. लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उसका शव अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) में मिला.
जांच शुरू होते ही खुली पोल
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराया. इस दौरान पुलिस ने नेहा की जेब से सल्फास की गोलियां और सुसाइड नोट बरामद किया. हालांकि सुसाइड नोट देखते ही अस्पताल के कर्मचारियों और नेहा के परिजनों ने सवाल उठा दिया. इसमें नेहा के ससुरालियों पर उत्पीड़न के आरोप लिखे थे. इसे देखकर परिजनों ने कहा कि यह हैंड राइटिंग नेहा की है ही नहीं. इसके बाद पुलिस ने जब मामले को खंगालना शुरू किया तो नया एंगल सामने आ गया.
आशिक ने रची मौत की स्क्रिप्ट
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की. इस दौरान नेहा के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) खंगाले गए. इसमें पता चला कि नेहा अस्पताल के ही एक कर्मचारी सुरेश से लंबी बातचीत करती थी. पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था. नेहा एक बच्चे की मां थी और वह सुरेश पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी. उससे पीछा छुड़ाने के लिए सुरेश ने नेहा को रास्ते से हटाने की खौफनाक प्लानिंग कर डाली.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह नेहा अस्पताल के ओटी में पहुंची ही थी कि सुरेश और उसके साथी फरहान ने उसे दबोच लिया. फरहान ने नेहा के दोनों हाथ कसकर पकड़ लिए और सुरेश ने उसका मुंह बंद कर उसकी नस में जहर का इंजेक्शन ठोक दिया. इस जहर के शरीर में फैलते ही नेहा ने ओटी में ही तड़पकर दम तोड़ दिया. नेहा की मौत के बाद सुरेश ने पहले से लिखा फर्जी सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां उसकी जेब में डाल दीं.
पति ने किया था सुसाइड
पुलिस के मुताबिक मृतका नेहा की शादी रवि कुमार नामक युवक से हुई थी, लेकिन उसके पति रवि कुमार ने करीब एक साल पहले सुसाइड कर लिया था. पति की मौत से नेहा तनाव में आ गई थी और इसी दौरान सुरेश सिंपैथी जताते हुए उसउके करीब आया था. मेरठ के SP सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक मुख्य आरोपी सुरेश और उसके मददगार फरहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
