नोएडा से कश्मीरी गेट के बीच स्लीपर बस में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

नोएडा से कश्मीरी गेट के बीच एक स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. परी चौक से बैठी छात्रा के साथ बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने शिकायत के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित छात्रा महज 11वीं कक्षा में पढ़ती है.

(प्रतीकात्मक तस्वीरें) Image Credit:

ग्रेटर नोएडी के परी चोक से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है. घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है. छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है. बस को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मैनपुरी की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है. बताया जा रहा है कि वह घरवालों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकली थी. उसे नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाना था. भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ते में परी चौक पर उतर गई. इसी दौरान एक स्लीपर बस को देख वह उसमें बैठ गई थी.

नोएडा जाने की बात कहकर बस में बैठाया

परी चोक के पास छात्रा खड़ी थी, इस दौरान खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी. छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया जिसके बाद बस रुक गई. ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया. आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा ने विरोध किया तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर पर छात्रा के साथ गैंगरेप करने का आरोप है. वारदात के बाद दोनों आरोपी छात्रा को लेकर कश्मीरी गेट की ओर चले गए. करीब 47 किलोमीटर के बाद आरोपियों ने छात्रा को बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए.

खराब बस को ठीक कराने के बाद निकले थे आरोपी

वहीं, घटना के बाद घबराई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया. बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लेकर गए थे. बस ठीक होने के बाद दोनों खाली बस लेकर तिमारपुर जा रहे थे. इसी दौरान परी चौक पर छात्रा उन्हें मिली. इस घटना ने एक बार फिर से मानवता को शर्मसार कर दिया है.

Follow Us