जिस सपा ने संसद में महिला आरक्षण को रोका, उसे भी यूपी की महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के नतीजों बाद 'नारी शक्ति' को 'विकसित भारत' का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया. साथ ही महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि महिलाओं ने ऐसे दलों को सबक सिखाया है. यूपी में भी समाजवादी पार्टी को महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Credit:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में बीजेपी हेडक्वार्टर में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों में पार्टी के प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम में बीजेपी की बंपर जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी, वहीं, विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में ‘नारी शक्ति’ को ‘विकसित भारत’ का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया. साथ ही महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि महिलाओं ने ऐसे दलों को सबक सिखाया है, जिन्होंने संसद में उनके आरक्षण को रोका था. यूपी में भी समाजवादी पार्टी को महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा.

सपा अपने पाप को कभी धो नहीं पाएगी- PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति अब विकसित भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रही है. लेकिन, नारी शक्ति की इस रफ्तार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने कुछ दिन पहले रोकने का काम किया. इसलिए मैंने कुछ दिन पहले कहा भी था कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने वाले ऐसे दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, TMC और DMK को बहनों-बेटियों ने सजा दी है. मुझे विश्वास है केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगीं. जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका है, उसे भी उत्तर प्रदेश की महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा. महिला विरोधी सपा कुछ भी कर ले, लेकिन अपने पाप को कभी धो नहीं पाएगी.

‘यह सिर्फ गवर्नेंस में नहीं, आइडियोलॉजी में बदलाव है’

पीएम मोदी ने साथ ही सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील की कि हिंसा के चक्र को खत्म करें. किसने किसे वोट दिया नहीं दिया, उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें. इन राज्यों में चुनाव और उसके नतीजों की राजनीतिक एक्सपर्ट्स अपने अपने तरीके से समीक्षा कर रहे हैं. इन नतीजों की एक और अहम बात इनकी टाइमिंग है.

उन्होंने कहा, ‘मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ेगी. बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल, युवाओं को रोजगार मिलेगा और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी. अब पूरे देश में कम्युनिस्ट पार्टी खत्म हो गई है. यह सिर्फ़ गवर्नेंस में बदलाव नहीं, यह आइडियोलॉजी में बदलाव है.’

Follow Us