अतीक का परिवार अब किस हाल में? एक बेटे का एनकाउंटर, दूसरे की सड़क हादसे में मौत, दो जेल में
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत के बाद एक बार फिर उसका पूरा परिवार चर्चा में है. कभी प्रयागराज की राजनीति और अपराध जगत में दबदबा रखने वाला यह परिवार अब पूरी तरह बिखर चुका है. अतीक और अशरफ की हत्या हो चुकी है, दो बेटे जेल में हैं, एक बेटे की एनकाउंटर में मौत हुई और अब आबान भी नहीं रहा. वहीं पत्नी शाइस्ता परवीन, अशरफ की पत्नी जैनब और बहन नूरी अब भी फरार हैं. जानिए अतीक अहमद के परिवार का कौन सदस्य कहां है और किस स्थिति में है.
माफिया अतीक अहमद की हत्या के करीब तीन साल बाद उसका परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह है उसके सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत. झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें आबान और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे. हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
अतीक अहमद और उसके परिवार के ज्यादातर सदस्य या तो मारे जा चुके हैं, जेल में हैं या फिर फरार हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आज अतीक का पूरा परिवार किस हाल में है?
अतीक के पांच बेटे थे, अब कितने बचे?
अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन के पांच बेटे थे.
- उमर अहमद
अतीक का सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद कई आपराधिक मामलों में आरोपी है. उसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट दर्ज है और वह लखनऊ जेल में बंद है. - अली अहमद
दूसरे नंबर का बेटा अली अहमद भी कई गंभीर मामलों में आरोपी है. उसके खिलाफ 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसे 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था. आबान उसी से मिलने जा रहा था. - असद अहमद
तीसरे नंबर के बेटे असद अहमद का नाम उमेश पाल हत्याकांड में सामने आया था. फरवरी 2023 में यूपी एसटीएफ ने झांसी में उसका एनकाउंटर कर दिया था. उसके साथ शूटर गुलाम भी मारा गया था. - अहजम उर्फ अबहान अहमद
चौथे नंबर का बेटा अहजम उर्फ अबहान भी लिखा गया है, फिलहाल परिवार के साथ रह रहा है. उसने आईसीएसई बोर्ड से पढ़ाई पूरी की है. अतीक की मौत के बाद वह बाल सुधार गृह में रहा था. बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उसकी कस्टडी अतीक की बहन परवीन अहमद को मिली. - आबान अहमद
सबसे छोटा बेटा आबान अहमद अब इस दुनिया में नहीं रहा. झांसी में सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई. वह अपने भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था.
पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी फरार
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पिछले तीन साल से फरार है. उमेश पाल हत्याकांड में वह साजिश रचने की आरोपी है. उसके खिलाफ हत्या, साजिश, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं. उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है. यूपी पुलिस, एसटीएफ, ईडी और कई केंद्रीय एजेंसियां उसकी तलाश कर चुकी हैं. दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना समेत कई राज्यों में तलाश की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.
अशरफ की पत्नी जैनब भी लापता
अतीक के भाई अशरफ की पत्नी जैनब भी फरार है. उस पर भी उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में शामिल होने का आरोप है. इसके अलावा वक्फ संपत्ति से जुड़े मामलों में भी उसका नाम सामने आया है. पुलिस कई बार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन सफलता नहीं मिली.
बहन नूरी का भी नहीं चला पता
अतीक की बहन नूरी (आयशा नूरी) भी लंबे समय से फरार चल रही है. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर चुकी हैं, लेकिन वह भी गिरफ्त से बाहर है.
परवीन अहमद संभाल रही थीं छोटे बेटों की जिम्मेदारी
अतीक की बहन परवीन अहमद ने अतीक की मौत के बाद उसके दो छोटे बेटों की देखभाल की. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दोनों बच्चों की कस्टडी उन्हें मिली थी. परिवार प्रयागराज के हटवा इलाके में रह रहा था और पुलिस सुरक्षा भी दी गई थी.
अतीक और अशरफ की 2023 में हुई थी हत्या
15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की तीन हमलावरों ने पुलिस सुरक्षा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा था. एक समय प्रयागराज में सबसे प्रभावशाली माने जाने वाले अतीक अहमद का परिवार अब पूरी तरह बिखर चुका है. दो बेटे जेल में हैं, दो बेटों की मौत हो चुकी है, पत्नी और अन्य महिला रिश्तेदार फरार हैं. केवल एक बेटा परिवार के साथ है.