प्रयागराज के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में ड्रेस कोड लागू, श्रद्धालुओं के लिए नई गाइडलाइन

प्रयागराज के प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में अब गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं को पारंपरिक भारतीय वेशभूषा पहनना अनिवार्य होगा. मंदिर में नया ड्रेस कोड लागू किया गया है. यह निर्णय मंदिर की धार्मिक गरिमा और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए लिया गया है.

मनकामेश्वर मंदिर में लागू हुआ नया ड्रेस कोड Image Credit:

संगम नगरी प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर मंदिर प्रशासन ने सावन शुरू होने से पहले बड़ा फैसला लिया है. अब मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को भारतीय पारंपरिक वेशभूषा पहनना अनिवार्य होगा. आधुनिक कपड़े पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

मंदिर प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, जींस, टी-शर्ट, रिप्ड जींस, हाफ पैंट या अन्य आधुनिक परिधान पहनकर आने वाले श्रद्धालु केवल बाहरी परिसर तक ही रह सकेंगे. गर्भगृह में प्रवेश और विशेष पूजा के लिए पारंपरिक पहनावा जरूरी होगा. यह व्यवस्था सावन के दौरान आने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है.

रुद्राभिषेक और विशेष पूजा के दौरान ये ड्रेस कोड

मनकामेश्वर मंदिर में नए ड्रेस कोड के तहत पुरुष श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक और विशेष पूजा के दौरान धोती-कुर्ता पहनना होगा. वहीं महिला श्रद्धालुओं को साड़ी या सलवार-सूट जैसे भारतीय पारंपरिक परिधान में ही पूजा करने की अनुमति मिलेगी.

मंदिर प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. ऐसे में मंदिर की धार्मिक गरिमा, सनातन परंपराओं और भारतीय संस्कृति को बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है. मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर आने से पहले ड्रेस कोड की जानकारी जरूर लें.

‘इस पहल से मंदिर की परंपराओं का संरक्षण होगा’

महंत और मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं नए ड्रेस कोड के अनुरूप वेशभूषा पहनकर आएं, ताकि दर्शन और पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े. मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस पहल से मंदिर की परंपराओं का संरक्षण होगा और श्रद्धालु भी धार्मिक वातावरण के अनुरूप पूजा-अर्चना कर सकेंगे.

Follow Us