प्रयागराज में एम्स जैसी सुविधा! अपग्रेड होगा SRN अस्पताल, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा ऐलान

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल को एम्स जैसी सुविधाएं देने का ऐलान किया है. कहा कि 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माणाधीन है, वहीं 200 बेड के नए अस्पताल को भी जल्द मंजूरी मिलेगी. इससे प्रयागराज में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और मरीजों को अत्याधुनिक इलाज मिल पाएगा. डिप्टी सीएम ने डॉक्टरों को निजी प्रैक्टिस से भी चेताया.

एसआरएन अस्पताल पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक Image Credit:

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एसआरएन अस्पताल के अपग्रेडेशन का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में एम्स जैसी सुविधाएं होंगी. इसके लिए 100 बेड का नया क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माणाधीन है. वहीं 200 बेड के नए अस्पताल के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिल जाएगी. इसी क्रम में अत्याधुनिक पीडियाट्रिक अस्पताल का भी निर्माण जल्द पूरा हो जाएगा.

रविवार को प्रयागराज दौरे पर आए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने धार्मिक आस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रदेश की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने दौरे की शुरुआत यमुना तट स्थित प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन से की. मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना स्वयं प्रभु श्रीराम ने की थी. इस मंदिर में भोलेनाथ की पूजा करते हुए डिप्टी सीएम ने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

अस्पताल का किया निरीक्षण

डिप्टी सीएम मनकामेश्वर मंदिर में पूजन के बाद मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एसआरएन अस्पताल पहुंचे. वहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति देखी और पुरानी बिल्डिंग के विद्युत पैनल को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए. साफ-सफाई बेहतर करने और सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग लगाने के लिए भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.

प्राइवेट प्रैक्टिस पर डॉक्टरों को चेताया

सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर डिप्टी सीएम ने कड़ी चेतावनी दी. कहा कि सरकार लगातार चिकित्सकों से निजी प्रैक्टिस से बचने की अपील करती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन अधिकांश डॉक्टर पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा. वाराणसी में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ दर्ज मुकदमे के सवाल पर उन्होंने कहा कि सनातन का अपमान जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी.

Follow Us