‘मां गंगा भी बुलाए तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना…’ योगी सरकार पर अखिलेश का बड़ा हमला
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर भ्रष्टाचार, एक्सप्रेसवे की खराब गुणवत्ता और नल-जल योजना में अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा, "मां गंगा भी बुलाए तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना." पूर्व सीएम ने गन्ना किसानों के भुगतान और अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाए, और 2027 में सपा सरकार बनने का दावा किया.
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे में गड्ढों, नल-जल योजना और भ्रष्टाचार को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है. सहारनपुर दौरे पर आए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि यदि मां गंगा भी बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना. उन्होंने कहा कि इस बाद यदि सपा की सरकार बनती है तो 24 घंटे में गन्ने का भुगतान किया जाएगा. अखिलेश यादव यहां चौधरी इन्द्रसेन और चौधरी रुद्र सेन के आवास पर पहुंचे थे.
यहां वह करीब घंटे रहे और स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बात की. कहा कि बीजेपी की सरकार में एक्सप्रेसवे बनने में तो समय लग रहा है, लेकिन इसके टूटने में नहीं लग रहा. गंगा एक्सप्रेसवे पर बने गड्ढों को लेकर कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि मां गंगा भी बुलाए तो इस एक्सप्रेसवे से मत जाना. यहां से अखिलेश यादव लिंक रोड स्थित पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के आवास ‘एएलएम हाउस’ के लिए निकल गए.
भ्रष्टाचार छिपाने में जुटी सरकार
अखिलेश यादव ने वर्तमान सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा. नए बने सभी एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़कों पर गहरे-गहरे गड्ढे हो रहे हैं. सरकार भ्रष्टाचार को छुपाने में जुटी है. इसके लिए कभी पंखे से सुखाया जा रहा है तो कभी कारपेट बिछाया जा रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना. इस दौरान उन्होंने गन्ना किसानों की दुखती रग पर हाथ रखने की कोशिश की. कहा कि सरकार बनी तो 24 से 48 घंटे के अंदर भुगतान करेंगे.
हर घर नल योजना में कमीशन का खेल
अखिलेश यादव ने हर घर नल योजना को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. कहा कि इस योजना में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है. 60 प्रतिशत तक कमीशन खाया जा रहा है. बिना प्लानिंग के काम हो रहा है. इसके चलते टंकियां पानी भरते ही ढह रही हैं. यही स्थिति प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का है. एंबुलेंस और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को बर्बाद कर दिया गया है. इस मौके पर उन्होंने सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज (शेख-उल-हिंद) को और बेहतर बनाने का भरोसा दिया. कहा कि यहां कैंसर जैसे गंभीर रोगों के लिए जांच व इलाज की सुविधा विकसित करेंगे.
सेना में पक्की बहाली की मांग
मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना की कई खामियां गिनाईं. कहा कि अग्निवीर खत्म कर सेना में पक्की भर्ती बहाल करनी होगी. इसी के साथ सरकार बनने पर युवाओं के लिए खेल स्टेडियम व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का उन्होंने वादा किया. गठबंधन में सीटों के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में सीटों का अनुपात नहीं बल्कि ‘वोट का राशन’ मायने रखता है. जिसके पास जनाधार है, उसे जिम्मेदारी मिलेगी. उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है.
