मुश्किल में हापुड़ की DSO सीमा चौधरी, मां की शिकायत पर FIR दर्ज; जानें क्या है मामला
हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनकी मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद DIG सहारनपुर के आदेश पर FIR दर्ज की गई है. सीमा चौधरी पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जमीन पर कब्जे की कोशिश, बैंक खाते के कथित दुरुपयोग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.
हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. उनकी मां मुनेश रानी की शिकायत पर DIG सहारनपुर रेंज के निर्देश के बाद सीमा चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जमीन पर कब्जे की कोशिश, बैंक खाते के कथित दुरुपयोग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी ने संजीव, राजेंद्र राणा और नरेश कुमार के साथ मिलकर उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची. 16 सितंबर 2023 की तारीख दर्शाते हुए जमीन से संबंधित एक कथित फर्जी रसीद तैयार की गई, जिस पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए.
मेरे नाम से बैंक खाता खोला, जान की धमकी दी
मुनेश रानी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना ICICI बैंक में उनके नाम से खाता खुलवाया गया. आरोप है कि खाते में सीमा चौधरी की ई-मेल आईडी दर्ज कर उसका संचालन किया गया और करीब 15 लाख रुपये जमा किए गए. खाते का इस्तेमाल अवैध धन के लेनदेन के लिए किया. जबकि इनकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी.
DSO सीमा चौधरी की मां का यह भी कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें लगातार धमकियां दी गईं. भय के कारण उन्हें अपनी कुछ संपत्ति दूसरे व्यक्ति के नाम बेचनी पड़ी. इसके बावजूद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास जारी रखा. आरोप है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हुई.
DIG से लगाई न्याय की गुहार, अब मुकदमा दर्ज
शिकायतकर्ता के अनुसार, स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद उन्होंने DIG सहारनपुर अभिषेक सिंह से मिलीं और न्याय की गुहार लगाई. इसके बाद डीआईजी के निर्देश पर थाना सरसावा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी.
