BF ने शादी से किया इंकार तो मेड ने कर ली खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव; देखते ही मकान मालिक के उड़ गए होश
सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मेड पारुल उर्फ टीना ने कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड द्वारा शादी से इनकार करने के बाद तनाव में आकर आत्महत्या कर ली है. मकान मालिक द्वारा सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को मौत का कारण बताया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवती ने सुसाइड कर लिया है. यह युवती एक मकान में मेड का काम करती थी. मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव कब्जे में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मेड की पहचान सहारनपुर के ही गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में बेरीतगा गांव की रहने वाली पारुल उर्फ टीना के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक टीना यहां हकीकतनगर में रहने वाले एक परिवार के यहां करीब 10 महीने से मेड का काम करती थी. वह इसी घर में रहती भी थी. मकान मालिक सौदी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शनिवार की रात टीना ने रोज की तरह अपना काम निपटाया और खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी. सुबह वह उसके कमरे के पास से गुजर रहे थे, इस दौरान उन्होंने खिड़की से देखा तो टीना का शव फंदे से लटक रहा था.
मकान मालिक ने बुलाई पुलिस
मकान मालिक ने कमरे के अंदर का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए. शोर मचा कर अपनी पत्नी और अन्य पड़ोसियों को बुला लिया. इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पहुंची सदर बाजार थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर टीना का शव कब्जे में लिया है. पुलिस ने मौका मुआयना के बाद शव का पंचनामा कराया और परिजनों को सूचित करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बॉयफ्रेंड की बेरूखी बनी वजह
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. वह उस युवक से विवाह करना चाहती थी, लेकिन युवक ने शादी करने से मना कर दिया था. इस बात को लेकर वह काफी समय से मानसिक तनाव में थी. हालांकि पुलिस इसे फाइनल वजह नहीं मान रही है. पुलिस के मुताबिक अन्य एंगल से भी मामले की जांच कराई जा रही है. अभी तक इस घटना के संबंध में युवती के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है.