शाकंभरी देवी मंदिर में अचानक आई बाढ़ से मचा हाहाकार, दर्जनों वाहन बहे, दो श्रद्धालु लापता
सहारनपुर के शाकंभरी देवी मंदिर में अचानक आई बाढ़ से हड़कंप मच गया. तेज बहाव की चपेट में आकर ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइकें, क्रेन और जेनरेटर सहित दर्जनों वाहन बह गए. वहीं मंदिर परिसर और आसपास लगी कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. अचानक आए पानी से मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई. दो श्रद्धालु लापता बताए जा रहे हैं.
शिवालिक की पहाड़ियों में स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शाकंभरी खोल (नदी) में अचानक तेज बाढ़ आ गई. देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
बह गए वाहन, दुकानों को भी पहुंचा नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव की चपेट में आकर ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइकें, क्रेन और जेनरेटर सहित दर्जनों वाहन बह गए. वहीं मंदिर परिसर और आसपास लगी कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. अचानक आए पानी से मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई.
बाढ़ में कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका
हादसे में दो श्रद्धालुओं के बहने से की सूचना सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है. कई अन्य लोगों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है. प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है. मौके पर बचाव टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं.
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
भयावह हैं तस्वीरें
कहा जा रहा है कि लापता दोनों महिलाओं की मौत हो गई है. हालांकि, अब इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मंदिर में अचानकर बाढ़ आते ही भगदड़ की स्थिति मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर से उधर भागने लगे. बाढ़ की तस्वीरें और विजुअल्स आए हैं. वे बेहद डरावने हैं. पानी के तेज बहाव में कई सारे वाहन बहते हुए नजर आ रहे हैं. श्रद्धालुओं में भारी दहशत है.
