‘घर में होगी नोटों की बारिश…’ दोमुंहा सांप दिखाकर लोगों को झांसा देता था ऑडी वाला ठग, हैरान कर देगी कहानी
सहारनपुर में पुलिस ने एक ऑडी कार में सवार जालसाज को गिरफ्तार किया है. यह लोगों को दोमुंहा सांप बेचकर घर में 'नोटों की बारिश' का झांसा देता था. आरोपी 15-20 लाख रुपये में सांप बेचता था. पुलिस ने उसके पास से दो रेड सैंड बोआ सांप, लाखों रुपये नकद और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है.
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की पुलिस एक एक शातिर जालसाज को धर दबोचा है. ऑडी कार से चलने वाला यह जालसाज मुंह मांगी कीमत पर दो मुंहा सांप बेचता था. पुलिस ने आरोपी के पास से दो सांप बरामद भी किया है. आरोपी लोगों को झांसा देता था कि इस चमत्कारी और दुर्लभ सांप को घर में ले जाते ही नोटों की बारिश शुरू हो जाएगी. इस प्रकार आरोपी लोगों को जाल में फंसाकर 15 से 20 लाख रुपये में सांप बेच देता था.
सहारनपुर के एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक इस जालसाज के बाद कुतुबशेर थाना पुलिस को कुछ इनपुट मिले थे. इसमें बताया गया था कि आरोपी मोटी रकम लेकर दोमुंहा सांप बेच रहा है. इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने दबनी कब्रिस्तान वाले खंडजे पर पूजा एन्कलेव के पास घेराबंदी कर इसे दबोच लिया है. आरोपी की पहचान सहारनपुर के ही शिवधाम कॉलोनी, खताखेड़ी, थाना मंडी के रहने वाले आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद भोल्लर के रूप में हुई है.
गाड़ी में मिले दो सांप
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी की गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से दो रेड सैंड बोआ (दोमुंहा) सांप बरामद किया है. इसके अलावा आरोपी के पास से 4.94 लाख रुपये नकद, 127 गड्डी मनोरंजन बैंक नोट, 145 गड्डी सफेद कागज, दो कूटरचित आधार कार्ड, एक ऑडी क्यू-3 कार और नोट गिनने की मशीन बरामद की है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.
सामने आया नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है. बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर दोमुंहे सांप को पकड़वाता है और फिर इसी नेटवर्क के जरिए अलग अलग जगह पर ले जाकर बेच देता है. आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे. वह हमेशा अपना अलग-अलग नाम बताकर लोगों से संपर्क करता था. बरामद रकम के बारे में आरोपी ने बताया कि हाल ही में उसने एक सांप का सौदा किया था. इसमें उसके हिस्से के पांच लाख मिले थे.