सपा नेता के मीट प्लांट में गैस रिसाव, महिलाएं हुईं बेहोश; कई मजदूर अस्पताल में भर्ती

सहारनपुर में सपा नेता के मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया. इस घटना में कई महिला मजदूर प्रभावित हुईं, जिन्हें सांस लेने में दिक्कत, चक्कर और घबराहट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी की हालत स्थिर है. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.

सहारनपुर ALM मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव Image Credit:

सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के हरोड़ा स्थित ALM मीट प्लांट में मंगलवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय प्लांट में बड़ी संख्या में महिला मजदूर काम कर रही थीं. गैस रिसाव के बाद कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई. कुछ महिला कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद प्लांट में हड़कंप मच गया.

घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया. प्रभावित महिला मजदूरों को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजवाया गया. कई महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

परिसर को खाली कराया गया, मजदूरों में दहशत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस रिसाव के कुछ ही मिनटों में पूरे प्लांट में तेज गंध फैल गई. सांस लेने में दिक्कत, चक्कर आने और घबराहट की शिकायत हुई. इससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई. मजदूरों को तत्काल बाहर निकाला गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करा दिया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई.

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने प्लांट को सुरक्षित कर तकनीकी टीम को गैस रिसाव के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गैस रिसाव किस वजह से हुआ और कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई.

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता का है मीट प्लांट

बताया जा रहा है कि हरोड़ा स्थित यह ALM मीट प्लांट बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हाजी फजलुर्रहमान का है. घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Follow Us