10 साल बड़ी विधवा भाभी से शादी का दबाव, विरोध से नहीं बनी बात तो देवर ने दे दी जान; सामने आया वीडियो

सहारनपुर में विशाल कुमार ने 10 साल बड़ी विधवा भाभी से शादी के दबाव में आत्महत्या कर ली. सुसाइड से पहले वीडियो में उसने अपनी आपबीती सुनाई. परिजनों ने भाभी के परिवार पर विशाल को प्रताड़ित करने और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.

सहारनपुर ने में युवक ने किया सुसाइड Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बड़गांव थाना क्षेत्र में 8 अप्रैल 2026 को एक युवक विशाल कुमार ने सुसाइड कर लिया है. अब इसी घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो ने पूरी घटना को नया मोड़ दे दिया है. सूचना मिलने पर पुलिस ने वीडियो कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. युवक का यह वीडियो सुसाइड से ठीक पहले बनाया गया था, लेकिन अब सोशल मीडिया में वायरल हुआ है.

इस वायरल वीडियो में विशाल ने अपने सुसाइड की पूरी कहानी बताई है. उसने बताया कि बड़े भाई की मौत के बाद उसके ऊपर विधवा भाभी से शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था. जबकि 10 साल बड़ी विधवा भाभी उसके लिए मां के समान हैं. उसने इसका खूब विरोध किया, फिर भी बात नहीं बनी. इसके चलते वह सुसाइड करने के लिए मजबूर हो रहा है. इस संबंध में युवक की मां ने पुलिस में लिखित तहरीर दी है.

भाभी के भाई पर आरोप

विशाल की मां सुदेश देवी ने अपनी तहरीर में बताया कि उनके बड़े बेटे प्रीतम सिंह की पिछले साल नवंबर 2025 में मृत्यु हो गई थी. उसके बाद से प्रीतम की पत्नी सोनिया के परिवार वाले विशाल पर दबाव बना रहे थे कि वह सोनिया से शादी कर ले. जबकि विशाल इस रिश्ते के लिए किसी हाल में तैयार नहीं था. सुदेश देवी ने बताया कि विशाल सोनिया को अपनी मां के समान ही इज्जत देता था. यही नहीं, दोनों की उम्र में भी 10 साल का अंतर था.

पुलिस ने नहीं लिया एक्शन

विशाल की मां ने बताया कि इसी बात को लेकर विशाल को आए दिन धमकियां मिल रही थीं. कई बार उसके साथ मारपीट भी हुई. इस संबंध में विशाल ने बड़गांव थाने में तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान होकर विशाल ने 7 अप्रैल 2026 को एक वीडियो बनाया और मोबाइल में सेव कर उसका पासवर्ड भी शेयर किया था. इसमें उसने साफ तौर पर कहा था कि उसकी मौत के लिए वही लोग जिम्मेदार हैं, जो उसके ऊपर शादी के लिए दबाव बना रहे हैं.

क्या कहा वीडियो में?

अपने वीडियो में विशाल ने सरकार से अपील की है. कहा कि महिलाओं को इतनी छूट नहीं मिलनी चाहिए कि वे किसी परिवार के बेटे पर इस तरह का दबाव बनाकर उसकी जिंदगी छीन लें. विशाल का शव अगले दिन 8 अप्रैल को लोटनी हसनपुर अंडरपास के पास बरामद हुआ. परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी पहचान की. शव का पोस्टमार्टम पिलखनी स्थित पीजीआई में कराया गया. घटना के बाद वायरल वीडियो सामने आने के बाद मृतक की मां ने पुलिस में केस दर्ज कराया है.

Follow Us