‘तुम लोगों का टाइम आ गया…’ क्या जेल से बाहर आ गया सलीम वास्तिक? तिहाड़ के बाहर का वीडियो वायरल
गाजियाबाद के सलीम वास्तिक का तिहाड़ जेल के बाहर का वायरल वीडियो सुर्खियों में है. वीडियो में वह समुदाय विशेष को धमकी देते हुए अपनी रिहाई का दावा कर रहा है. हालांकि, स्थानीय अधिकारी उसकी रिहाई से इनकार कर रहे हैं. नाबालिग के अपहरण और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे सलीम के इस वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है.
गाजियाबाद का सलीम वास्तिक एक बार फिर सुर्खियों में है. इस समय उसका एक 44 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली में तिहाड़ जेल के बाहर का है. इस वीडियो में सलीम वास्तिक समुदाय विशेष के लोगों को धमकी देता नजर आ रहा है. वह कह रहा है कि ‘जगह देख लो, कौन सी है. मैं तिहाड़ से बाहर आ गया हूं. अब तुम लोगों का टाइम आ गया है कमर कसने का, तुम लोगों की प्लानिंग को मैं खत्म करूंगा’.
नाबालिग के अपहरण एवं मर्डर के आरोप में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार सलीम वास्तिक के इस वीडियो को लेकर हड़कंप मचा है. अपने वीडियो में सलीम कह रहा है कि मुसलमानों को कुछ लोग जेहादी बना रहे हैं, लेकिन वह उन्हें पढ़ाई और तरक्की के रास्ते पर ले जाएगा. वह अपने वीडियो में खुला चैलेंज करते हुए कहा रहा है कि जो कर सकते हो कर लो. हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने उसकी रिहाई से इनकार किया है.
24 अप्रैल को हुआ था अरेस्ट
बता दें कि 31 वर्ष पुराने अपहरण एवं मर्डर केस में दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने 24 अप्रैल को उसे अरेस्ट किया था. इस मामले में उम्र कैद होने के बाद सलीम वास्तिक पेरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था. इसके बाद वह अपनी पहचान छुपाकर गाजियाबाद के लोनी में रह रहा था. यहां वह यूट्यूब चैनल चलाता था. जहां अमरोहा के रहने वाले दो युवकों ने उसके ऑफिस में घुसकर उसकी हत्या की कोशिश की थी.
हो चुकी है आजीवन कारावास
दिल्ली में बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में अदालत ने साल 1997 में उसे और उसके साथी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट से उसे साल 2000 में अंतरिम जमानत मिली और वह जेल से बाहर आ गया था. उसके बाद से ही वह फरार था. वह गाजियाबाद के लोनी में रहकर अपने यूट्यूब चैनल के जरिए इस्माम धर्म और उसकी रूढ़िवादी प्रथाओं व कुरीतियों के खिलाफ वीडियो बनाता था.