UP के बदमाशों ने की चंद्रनाथ रथ की हत्या! शुभेंदु के PA मर्डर केस में संभल पहुंची बंगाल पुलिस, क्या मिला कनेक्शन?
शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या में UP कनेक्शन सामने आया है. बंगाल पुलिस मामले की जांच करते हुए दो मोबाइल नंबरों को ट्रैस किया है और उन्हीं नंबरों का पीछा करते हुए यूपी के संभल पहुंची है. यहां उसने स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि UP के बदमाशों ने बंगाल जाकर इस वारदात को अंजाम दिया.
पश्चिम बंगाल चुनावों के परिणाम आने के बाद बीजेपी की जीत के साथ शुरू हिंसा में मारे गए शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में यूपी कनेक्शन सामने आया है. आरोप है कि यूपी के बदमाशों ने बंगाल जाकर चंद्रनाथ रथ की हत्या को अंजाम दिया. बंगाल पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दो मोबाइल नंबर ट्रैस किए हैं. इन्हीं मोबाइल नंबरों का पीछा करते हुए बंगाल पुलिस यूपी के संभल पहुंची है.
स्थानीय पुलिस की मदद से बंगाल पुलिस ने संभल के गुन्नौर में दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में भी लिया है. पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक वारदात के वक्त घटना स्थल पर ही मौजूद थे. दरअसल बंगाल पुलिस ने जिन दो मोबाइल नंबरों को ट्रैस किया है, वो दोनों नंबर गुन्नौर के रहने वाले इन दोनों युवकों के नाम पर रजिस्टर्ड हैं. बताया जा रहा है कि इन दोनों से पूछताछ में बंगाल पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं.
बंगाल पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक बंगाल पुलिस की एक टीम शुक्रवार को बदायूं पहुंची थी. दरअसल गुन्नौर पहले बदायूं जिले का ही हिस्सा था, इसलिए बंगाल पुलिस ने बदायूं पुलिस से दबिश में सहयोग की मांग की. फिर बदायूं पुलिस ने बंगाल पुलिस को भौगोलिक स्थिति बताते हुए संभल भेज दिया. इसके बाद बंगाल पुलिस ने संभल पुलिस को साथ लेकर दोनों युवकों के ठिकाने पर दबिश दी और उन्हें हिरासत में लिया. पुलिस की इस कार्रवाई से इन युवकों के गांव में हड़कंप मच गया.
यूपी के हो सकते हैं बदमाश
दोनों युवकों से पूछताछ के बाद भी बंगाल पुलिस ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है. स्थानीय पुलिस भी सीधे तौर पर इस मामले में कुछ भी कहने से परहेज कर रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि इस वारदात में यूपी के बदमाशों का हाथ हो सकता है. कहा जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या शातिर और प्रोफेशनल शूटर्स ने अंजाम दिया था. आशंका है कि ये शूटर्स यूपी से गए हों. यूपी पुलिस के मुताबिक मामले की जांच बंगाल पुलिस कर रही है और इस जांच में पुलिस पुलिस पूरा सहयोग कर रही है.
छह मई को हुई थी हत्या
शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या बुधवार 6 मई की देर रात मध्यमग्राम इलाके में जेसोर रोड के पास हुई थी. उस समय वह अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे, इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें करीब से गोलियां मारी. बंगाल पुलिस का दावा है कि बदमाश कई दिनों से चंद्रनाथ रथ का पीछा कर रहे थे. इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति में उबाल आ गया. खुद शुभेंदु अधिकारी ने रोते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी.