प्यार की ऐसी सजा! भाई ने गोली मारकर ले ली बहन की जान, गांव में मचा कोहराम

संभल में एक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह घर से फरार हो गया. थोड़ी देर बाद मां पहुंची तो उसने बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा. इसके बाद चीखपुकार मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लड़की का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

घटना के बाद मौके पर पहुंची संभल पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के संभल में एक ऑनर किलिंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह घर से फरार हो गया. थोड़ी देर बाद मां पहुंची तो उसने बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा. इसके बाद चीखपुकार मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लड़की का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं.

मामला संभल के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैजना मुस्लिम का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली महिला परवीन शुक्रवार को कहीं गई थी. घर में उसकी 17 साल की बेटी मुस्कान और बेटा शनि रह गए थे. सुबह से ही क्षेत्र में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही थी. इसी बीच दोपहर में करीब 11 बजे परवीन घर लौटीं तो बेटी का शव बरामदे में खून से लथपथ पड़ा था. घर से बेटा भी गायब था. उसने चीख पुकार मचाना शुरू किया तो पास पड़ोस के लोग मौके पर आ गए.

5 घंटे बाद दी पुलिस को सूचना

इसके बावजूद परिवार ने शाम चार बजे पुलिस को सूचना दी.इसके बाद प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा कराया. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लड़की किसी युवक से फोन पर बात करती थी. जबकि उसके भाई को यह पसंद नहीं था. इसी बात को लेकर भाई-बहन में कई बार झगड़े भी हो चुके थे. आशंका है कि भाई ने बहन की हत्या की और मौके से फरार हो गया.

मां ने दर्ज कराई एफआईआर

एसएचओ संजय कुमार के मुताबिक मृत लड़की की मां परवीन ने पुलिस में तहरीर दी है. उसने अपने बेटे पर हत्या का आरोप लगाते हुए वारदात की वजह भी बयां की है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि घटना की जांच कई एंगल से कराई जा रही है. इसी के साथ आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने दबिश तेज कर दी है. वहीं घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है.

Follow Us