शाहजहांपुर में क्राइम इंस्पेक्टर की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव; पुलिस महकमे में हड़कंप

शाहजहांपुर में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सुबह थाने न पहुंचने पर जांच की गई तो उनके आवास के बाथरूम में शव मिला. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन फानन क्राइम इंस्पेक्टर को सीएचसी लाया गया जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुवायां क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार की संदिग्ध मौत Image Credit:

शाहजहांपुर में शनिवार को क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव उनके कमरे के बाथरूम में मिला. कुछ महीने पहले ही राजेश कुमार की पुवायां थाने में तैनाती हुई थी. सुबह थाने नहीं पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें कॉल किया. पुलिस वालों कॉल रिसीव नहीं होने पर उनको आवास पहुंचे, जहां शव देखकर सब दंग रह गए.

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उनको सीएचसी लेकर गए, जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं, पर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके. राजेश कुमार उन्नाव जिले के हिश्यामपुर के रहने वाले थे, उनके परिजनों को सूचित कर दिया है.

अगस्त 2025 में पुवायां थाने के बने थे क्राइम इंस्पेक्टर

उन्नाव जिले के रहने वाले 45 साल के राजेश कुमार अगस्त 2025 में पुवायां थाने के क्राइम इंस्पेक्टर बने थे. एसपी ग्रामीण दीक्षा भामरे अरुण ने बताया कि आवास के अंदर क्राइम इंस्पेक्टर का शव मिला है अभी तक जांच में ये पता चला है कि हार्ट अटैक से मौत हुई होगी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा.

नहाने की तैयारी कर रहे थे, शेव बनाकर पहुंचे बाथरूम

जानकारी के मुताबिक, सुबह राजेश कुमार थाने नहीं पहुंचे पर कई बार उनको फोन किया गया, लेकिन उनकी काॅल रिसीव नहीं हुई. उनके आवास पर जाकर देखा तो शव बाथरूम में मिला. जब पुलिस आवास के अंदर जाकर निरीक्षण किया तब पता चला कि वह नहाने की तैयारी कर रहे थे. उनके कपड़े बाथरूम के बाहर थे और वह शेव बनाकर बाथरूम पहुंचे थे.

इंस्पेक्टर राजेश कुमार, पुवायां के SHO रविकरण सिंह के अवकाश पर जाने के कारण, दो दिनों से कार्यवाहक थाना प्रभारी के रूप में थाने की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे. राजेश कुमार साल 1997 में उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे और अपनी मेहनत से पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर रैंक तक पहुंचे थे. उनके अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है.

Follow Us