निकाह से कुछ मिनट पहले BF संग भागी दुल्हन, छोटी बहन से शादी पर बनी बात; फिर क्यों चलने लगे लाठी डंडे?

बरेली में निकाह से कुछ देर पहले दुल्हन अपने प्रेमी संग सारे जेवर लेकर फरार हो गई. दूल्हा पक्ष को मनाने के बाद छोटी बहन से शादी की बात बनी, पर उसने भी अपने प्रेम प्रसंग का खुलासा कर दिया. इस पर दोनों पक्षों में भीषण मारपीट और बवाल हो गया. लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. यहां निकाह से कुछ मिनट पहले दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई. बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों ने दुल्हन की छोटी बहन से शादी की सहमति बनाई, लेकिन तभी एक ऐसा खुलासा हुआ कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते पूरा बारात घर कुरुक्षेत्र में तब्दील हो गया. दोनों ओर से खूब लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे.

इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. इनमें एक व्यक्ति की हालत नाजुक है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. मामला बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली एक युवती का रिश्ता पास के गांव के युवक के साथ तय हुआ था. शनिवार को दूल्हा नरियावल स्थित एक बारातघर में निकाह के लिए पहुंच भी गया. दोनों परिवारों और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल था.

अचानक फरार हो गई दुल्हन

इसी बीच पता चला कि दुल्हन ही गायब है. परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है. जाते जाते वह घर से शादी के लिए बनवाए गए सारे जेवर भी समेट ले गई है. यह खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. वहीं खबर दूल्हा पक्ष तक पहुंची तो और बवाल हो गया. फिर रिश्तेदारों और गांव के जिम्मेदार लोगों ने घंटों पंचायत की. फिर तय हुआ कि दुल्हन की छोटी बहन का दूल्हे से निकाह करा दिया जाए. फिर निकाह की रस्म शुरू हुई. तभी पता चला कि छोटी बहन का भी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है. उसने शादी से इनकार भी कर दिया है.

फिर हुआ बवाल

इस जानकारी के बाद दूल्हा पक्ष के लोग नाराज हो गए और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे. बारातघर में जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर भी फेंके गए. शादी का माहौल पूरी तरह तनाव और अफरा-तफरी में बदल गया. इस घटना में दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. इन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

Follow Us