शाहजहांपुर में पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर GST रेड, 8 घंटे से पड़ताल जारी; भारी पुलिस बल तैनात
शाहजहांपुर में एक पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर पर GST टीम ने छापा मारा है. अतिबरा गांव में आठ घंटे से अधिक समय से जांच जारी है और सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात है. सुबह से ही घर के भीतर छानबीन चल रही है. टीम संदिग्ध लेन-देन और व्यापारिक गतिविधियों की जांच कर रही है.
शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र में एक पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर पर GST टीम ने छापा मारा है. सुबह से ही घर के भीतर छानबीन चल रही है. आठ घंटे से अधिक समय से जांच जारी है और सुरक्षा के लिए मकान के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है. टीम ने गेट अंदर से बंद कर लिए है. जानकारी के मुताबिक लखनऊ से आई जीएसटी टीम छापामारी कर रही है.
यह मामला जलालाबाद थाना क्षेत्र के अतिबरा गांव का है. लखनऊ नंबर की दो कारों से आई जीएसटी टीम ने सबसे पहले जलालाबाद थाने को सूचना दी. इसके बाद GST टीम अतिबरा गांव स्थित प्रत्याशी के आवास पर पहुंची. जहां टीम संदिग्ध लेन-देन और व्यापारिक गतिविधियों की जांच कर रही है. जबकि इस पूरी कार्रवाई से ग्रामीण अनजान हैं.
अतिबरा गांव के अभिषेक पाठक से जुड़ा है मामला
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पूर्व प्रधान प्रत्याशी कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक से जुड़ा है, जिसने 2015 में गांव के मुखिया का चुनाव लड़ा था. ग्रामीणों को पूर्व प्रधान प्रत्याशी के कारोबार के बारे में कोई जानकारी नहीं है. दबी जुबान ग्रामीण बताते हैं कि वह कभी बाहर तो कभी घर आते थे, लेकिन उनका क्या व्यापार है यह स्पष्ट नहीं है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुलदीप खेती भी करता था, लेकिन अपना ज़्यादातर समय जिले से बाहर बिताता था. बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान प्रत्याशी पिछले एक साल से अतिबरा गांव स्थित अपने मकान पर रह रहे थे. वहीं, जलालाबाद थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि जिनके घर छापामारी की गई है उनका कारोबार क्या है, अभी इसकी जानकारी नहीं हो पाई है.
एक-दो सालों से मकान पर कई नोटिस आते रहे थे
वहीं, अबतक जीएसटी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. गांव वालों का कहना है कि उन्हें उसके काम के बारे में कोई साफ़ जानकारी नहीं है. लेकिन पिछले एक-दो सालों से पूर्व प्रधान प्रत्याशी के मकान पर कई तरह के नोटिस आते रहे थे. फिलहाल, छापेमारी जारी है, इसके खत्म होने पर भी असली मामला सामने आएगा.