‘अल्टीमेटम के 30 दिन पूरे, हमें धर्म युद्ध करना ही होगा’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने किया लखनऊ कूच का ऐलान
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यूपी सरकार को दिए 40 दिन के अल्टीमेटम के 30 दिन पूरे हो गए, लेकिन कोई भी प्रयास नहीं किया गया. इसलिए हमें धर्म युद्ध करना ही होगा. उन्होंने कहा, ' 40वें दिन हम गौ रक्षा के लिए धर्म युद्ध का शंखनाद लखनऊ में करेंगे.'
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ रक्षा के लिए यूपी सरकार को दिए अल्टीमेटम के 30 दिन पूरे होने पर प्रेस वार्ता की. उन्होंने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए 6 मार्च से ‘धर्म युद्ध’ और 11 मार्च को लखनऊ में निर्णायक सभा की घोषणा की. शंकराचार्य ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर भी तीखे आरोप लगाए.
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि हमसे 24 घंटे के अंदर शंकराचार्य के सबूत मांगे गए, ‘हमने मुख्यमंत्री जी से पूछा कि आप असली हिंदू कैसे हैं, 40 दिन का मोहलत दिया था. आज 30 दिन हो चुके हैं, कोई भी प्रयास नहीं किया गया. हां यह जरूर है कि एक हफ्ते वह विदेश में रहे इसलिए वह कह सकते हैं कि हम यहां रहे ही नहीं तो कैसे कर सकते हैं. लेकिन आप देश के लोगों की उपेक्षा नहीं कर सकते.’
अविमुक्तेश्वरानंद का यूपी सरकार को अंतिम चेतावनी
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रविवार को वाराणसी में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि इस मामले में कुछ भी ऐसा निर्णय होता नहीं दिखाई दे रहा है, इसलिए हमें धर्म युद्ध करना ही होगा. हम 6 मार्च को काशी में ही गौ माता की पूजा करके गौ माता की रक्षा के सफर को आगे बढ़ाएंगे. 40 वें दिन गौ माता की रक्षा के लिए लखनऊ में धर्म युद्ध का शंखनाद करेंगे.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए लखनऊ कूच का कार्यक्रम सार्वजनिक कर दिया है. उन्होंने कहा कि यूपी सरकार यदि गऊ को राज्य माता का दर्जा देने और बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा नही करती जो कि हमारा संकल्प है, पर फ़ैसला नहीं लेती तो फिर हम अपना फ़ैसला लेने के लिए बाध्य होंगे.
शंकराचार्य का लखनऊ कूच का पूरा कार्यक्रम
शंकराचार्य के विद्या मठ की तरफ से कार्यक्रम घोषित करते हुए बताया गया कि 6 मार्च को काशी के शंकराचार्य घाट पर गंगामाता की पूजा कर गोप्रतिष्ठार्थ धर्मयुद्ध शंखनाद का संकल्प लिया जाएगा. 7 मार्च को प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर में पाठ के साथ यात्रा का श्रीगणेश होगा. इसके बाद जौनपुर, सुल्तानपुर से होते हुए रायबरेली में सभा किया जाएगा.
वहीं, 8 मार्च को रायबरेली में कई जगह सभा होगी, इसके बाद वह उन्नाव पहुंचेंगे, जहां 9 मार्च को सभा आयोजित होगी, इसके बाद 10 मार्च को नैमिषारण्य से सिधौली और इटौंजा में सभा करते हुए लखनऊ सीमा में प्रवेश करेंगे. वहीं, 11 मार्च को कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल, पासी किला चौराहा, लखनऊ में दोपहर 2:15 बजे धर्म युद्ध का शंखनाद करेंगे.
आशुतोष ब्रह्मचारी नकली जटा लगाता है- अविमुक्तेश्वरानंद
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इस दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी पर आरोप लगाया. शंकराचार्य ने कहा कि मुझे फलाहारी बाबा ने पत्र लिखकर और मोबाइल पर ये बताया है कि आशुतोष ब्रह्मचारी नकली जटा लगाता है. तो जो व्यक्ति नकली जटा लगाता है उसके आंसू असली कैसे हो सकता है. शंकराचार्य ने कहा कि केस को प्रभावित करने के लिए वो ये पैतरा दिखा रहा है.
