योगी सरकार के इस दबंग IPS पर अविमुक्तेश्वरानंद ने लगाया साजिश का बड़ा आरोप

प्रयागराज पॉक्सो कोर्ट के आदेश के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एक नाबालिग के यौन उत्पीड़न के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है. इन सबके बीच स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने अजयपाल शर्मा पर आशुतोष ब्रह्मचारी के साथ मिलकर उनके खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है.

IPS अजयपाल शर्मा और आशुतोष ब्रह्मचारी Image Credit:

प्रयागराज में एक नाबालिग से यौन शोषण के मामले में ज्योतिष पीठाधीश्वर व शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी खिलाफ प्रयागराज पॉक्सो कोर्ट के आदेश के बाद FIR दर्ज किया गया था. इस हाई प्रोफाइल केस की जांच लिए प्रयागराज पुलिस ने 5 सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की है. इस बीच शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के लिए प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा को जिम्मेदार बताया है.

एसीपी अजय पाल शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप

विद्या मठ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया को बात करते हुए एक तस्वीर दिखाई. इस तस्वीर में प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजयपाल शर्मा केक काटते हुए दिखाई दे रहे हैं. आशुतोष ब्रह्मचारी उनके बगल में खड़े हैं. अविमुक्तेश्वरानंद ने तस्वीर दिखाते हुए कहा कि 18 जनवरी मौनी अमावस्या के दिन से ही मेरे खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने षड्यंत्र करना शुरू कर दिया था. जिस पॉक्सो में तुरंत एफआईआर का प्रावधान है, उसमें पुलिस ने खुद कोई मामला दर्ज ना करते हुए कोर्ट से एफआईआर कराती है.

सारी मशीनरी सारा सिस्टम मेरे खिलाफ-अविमुक्तेश्वरानंद

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मेल भेजा जाता है. इसके बावजूद केस दर्ज नहीं होता है, क्यूं? दरअसल, ये मैसेज देना था कि मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ है. कोर्ट के भी 14 पन्नो के फैसले में साक्ष्य की बातें कम और रूलिंग का जिक्र ज्यादा है. अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी के पीछे कौन है वो इस तस्वीर से साफ हो जाती है. मुझे यह भी जानकारी मिली है कि वीडीए यानी वाराणसी डेवलपमेंट अथॉरिटी के लोग भी विद्या मठ को देख कर गए हैं, तो समझिए सारी मशीनरी सारा सिस्टम मेरे खिलाफ है, ताकि मैं रक्षा अभियान से पीछे हट जाऊं. लेकिन ये संभव नहीं है.

आरोपों पर आशुतोष महाराज का आया जवाब

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आरोपों पर आशुतोष महाराज ने जवाब दिया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कि कहा जिस अधिकारी की बात की जा रही है, वह मेरे जनपद शामली का पुलिस कप्तान था. उन्होंने कई अच्छे एनकाउंट किए थे, इसलिए मुलाकात हुई थी. इसी अधिकारी ने सपा सरकार के दौरान मुझे जेल भेजा था. हालांकि, उस मुकदमे में कोर्ट ने मुझे दोषमुक्त कर दिया था.आशुतोष महाराज ने आगे कहा कि शंकराचार्य ने जो तस्वीर दिखाई हैं, वह तस्वीर AI से बनाई गई है. उनका इस फोटो से कोई लेना-देना नहीं है और न ही उनका उस अधिकारी से कोई संबंध है.

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल किया

यौन उत्पीड़न मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की तरफ से इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर दिया गया है. इस पर जल्द सुनवाई हो सकती है. तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी ने 173 (4) के तहत जिला कोर्ट में अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ केस दर्ज करने की अर्जी दाखिल की थी. एडीजे रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट विनोद कुमार चौरसिया ने झूंसी को पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच का आदेश दिया था.