लाडले का दीदार कर निकल गई शाइस्ता, क्या है बुर्के वाली महिला की सच्चाई?
उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रही अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन के प्रयागराज में होने का दावा किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि वह अपने बेटे आबान अहमद के जनाजे में बुर्का पहनकर पहुंची और चुपके से अंतिम दीदार कर निकल गई. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले की जांच जारी है.
प्रयागराज के दिवंगत माफिया डॉन अतीक अहमद के बेटे आबान के अंतिम संस्कार को लेकर दावा किया जा रहा है कि शाइस्ता भी इस वक्त प्रयागराज में ही थी. बुरके में अन्य महिलाओं के साथ वह सबके बीच पहुंची, चुपके से अपने लाडले का अंतिम दीदार किया और फिर चुपचाप वहां से निकल गई. हालांकि पुलिस ने अभी तक पुष्टि नहीं की है, लेकिन पुलिस से लेकर अन्य एजेंसियां इस दावे के सत्यापन में जुट गई हैं. अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह आबान का शव पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के हटवा गांव पहुंचा. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. इनमें बुर्कानशीं महिलाओं की तादात काफी ज्यादा थी. दावा किया जा रहा कि इन्हीं बुर्कानशीं महिलाओं में से एक शाइस्ता परवीन भी थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाइस्ता भीड़ के बीच बेटे के शव तक पहुंची और उसका अंतिम दीदार किया. इसके बाद वह चुपके से वहां से निकल गईं.
लंबे समय से फरार है शाइस्ता
अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रही हैं. कहा जा रहा है कि आबान उसका सबसे छोटा बेटे होने के साथ उसका लाडला भी था. इसलिए वह आबान के मौत की खबर सुनकर चुपके से प्रयागराज पहुंची और चुपचाप बेटे का मुखड़ा देखकर वापस लौट गई है. पुलिस को भी इस बात की आशंका थी कि शाइस्ता आबान के जनाजे में शामिल हो सकती है. इसलिए पुलिस ने गांव में कड़ा पहरा बैठा दिया था.
अलर्ट पर पुलिस और खुफिया एजेंसियां
शाइस्ता के पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रयागराज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. धूमनगंज एसीपी अजयेंद्र यादव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस को हटवा गांव और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया था. बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी. हटवा के अलावा कसारी मसारी और चकिया इलाके में भी पुलिस की निगरानी रही. अधिकारियों का कहना है कि अभी तक शाइस्ता के आने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं.
आयशा और जैनब भी हैं फरार
उमेश पाल मर्डर केस के बाद शाइस्ता परवीन के साथ ही उसकी ननद और अतीक की बहन आइशा नूरी तथा अशरफ की बीवी जैनब भी फरार हैं. पुलिस इन तीनों की तलाश कर रही है. इनकी खबर नहीं मिलने पर पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ भारी भरकम इनाम भी घोषित किया है. इधर, आज आबान के अंतिम संस्कार में चकिया इलाके में काफी हलचल है. यह वही इलाका है जहां कभी अतीक अहमद का कार्यालय हुआ करता था. यहां अतीक के पुराने मकान के आसपास भी परिवार के करीबी और समर्थक जुटे हुए हैं.
