पहले पति का गला घोंटा, फिर सिर फर्श पर पटककर ले ली जान; बेडरूम में BF संग पकड़े जाने पर कातिल बनी बीवी
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की नृशंस हत्या कर दी. पति ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था, जिसके बाद राज खुलने के डर से उन्होंने पहले गला घोंटा और फिर सिर फर्श पर पटक कर मार डाला. बाद में शव को सड़क पर फेंककर दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया.
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने ही पति की गला घोंट दिया. इससे भी मन नहीं भरा तो उसका सिर फर्श पर पटक-पटक कर उसकी जान ले ली. बाद में पकड़े जाने के डर से उसने इस वारदात को दुर्घटना करार देने की कोशिश की. इसके लिए प्रेमी संग मिलकर पति के शव को उठाया और सड़क किनारे डाल दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को अरेस्ट कर लिया है.
मामला सोनभद्र के शक्तिनगर में बीना स्टेडियम, जमशीला के पास का है. इस संबंध में मृतक के पिता रमाशंकर मिश्रा ने तहरीर दी है. तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की. पहले तो पुलिस को भी लगा कि मामला सड़क हादसे का ही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों की विवेचना में पूरी कहानी ही बदल गई. वहीं जब पीड़ित और उसकी पत्नी की कॉल डिटेल व लोकेशन खंगाली गई तो वारदात का पूरा सच निकलकर सामने आ गया.
बेडरूप में प्रेमी संग पकड़ी गई थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रमाशंकर के रूप में हुई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि उसकी पत्नी प्रियंका मिश्रा का गांव के ही एक युवक विकास चौहान के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. दोनों अक्सर चोरी छुपे मिलते थे. रमाशंकर को भी इनके प्रेम प्रसंग की भनक लग चुकी थी. संयोग से 22 अगस्त की रात किसी काम से रमाशंकर बाहर गया था, इसी दौरान प्रियंका ने अपने प्रेमी को बुला लिया और बेडरूम में रंगरलिया मनाने लगे. इतने में रमाशंकर भी घर पहुंच गया और दोनों को आपत्तिजनक हाल में पकड़ लिया.
राज खुलने के डर से वारदात
पकड़े जाने पर प्रियंका और विकास दोनों अचानक अक्रामक हो गए. राज खुलने के डर से दोनों ने मिलकर पहले तो रमाशंकर का गला घोंटा, लेकिन जब इससे भी उसकी मौत नहीं हुई तो फर्श पर उसका सिर पटककर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी विकास ने अपने साथियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को बुलाया और रमाशंकर के शव को चादर में लपेटकर सड़क के किनारे डर लिया. इस दौरान आरोपियों ने शव को भी अपने वाहन से कुचलने की कोशिश की. पुलिस ने सभी आरोपियों को अरेस्ट करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है.