क्रिकेट मैच में मधुमक्खियों का हमला, 10 मिनट तक मारती रही डंक… अंपायर की मौत
उन्नाव में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला कर दिया. इस दौरान मधुमक्खियां केसीए के वरिष्ठ अंपायर को 10 मिनट तक डंक मारती रही. मधुमक्खियों के इस अटैक में मानिक गुप्ता की मौत हो गई.
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन(KCA ) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई. मानिक गुप्ता केडीएम लीग के मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे. क्रिकेट मैच के दौरान मधुक्खियों के एक झुंड ने अंपायर और खिलाड़ियों को पर हमला कर दिया.मधुमक्खियां के हमले से चपेट में आए कई अन्य खिलाड़ियों के घायल होने की खबर हैं.
10 मिनट तक मधुमक्खियों का हमला रहा जारी
उन्नाव जिले में शुक्लागंज मे स्थित सप्रू मैदान पर क्रिकेट का लीग मैच खेला जा रहा था. मैच के दौरान ही अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला कर दिया. सफेद कपड़ों में होने के कारण मधुमक्खियों ने अंपायर मानिक गुप्ता और जगदीश शर्मा को सबसे ज्यादा निशाना बनाया. करीब 10 मिनट तक मधुमक्खियां उन्हें डंक मारती रहीं. जिसमें अंपायर मानिक गुप्ता बुरी तरह घायल हो गए.
4 बेटियों के पिता थे मानिक गुप्ता
गंभीर हालत में उन्हें तुरंत शुक्लागंज के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिर कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया. वहां से डॉक्टर्स ने उन्हें कार्डियोलॉजी रेफर किया गया. यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे मे जान गंवाने वाले मानिक गुप्ता की चार बेटियों और परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा. मानिक गुप्ता फीलखाना के निवासी थे और पिछले 30 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से जुड़े थे.
साथी अंपायर ने घटना को लेकर क्या कहा?
शुक्लागंज के रहने वाले kCA के अंपायर सुनील ने बताया कि सप्रू मैदान में सेकंड इनिंग का मैच खेला जा रहा था. मैच के दौरान मधुमक्खियां की झुंड ने क्रिकेट खेल रहे खिलाड़ियों और अंपायर पर हमला कर दिया. सुनील ने बताया कि जब समय यह हमला हुआ था उस समय हम सभी पानी पी रहे थे. मधुमक्खियों के आते ही हम जमीन पर लेट गए. लेकिन मधुमक्खियों ने हमला करना जारी रखा.
