यूपी में नदियां उफनाईं, छह बहे-10 की मौत; प्रयागराज से बिजनौर तक बाढ़-बारिश का कहर
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जिससे प्रयागराज, सोनभद्र सहित अनेक जिलों में बाढ़ आ गई है. अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है और 6 लोग बह गए हैं. निचले इलाकों में घरों में पानी घुसने और मकान गिरने से गंभीर स्थिति बनी हुई है. प्रशासन और राहत-बचाव दल लगातार सक्रिय हैं.
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में नदियां उफान पर हैं. प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, बांदा, महोबा, बिजनौर और अन्य जिलों में बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं. अलग-अलग हादसों में छह लोगों के नदी और तेज बहाव में बहने की खबर है, जबकि 10 लोगों की जान चली गई. प्रशासन और राहत-बचाव दल इलाकों में सक्रिय हैं.
प्रयागराज में गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर
प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है. शहर के कई हिस्सों में घरों के भीतर पानी घुस गया. रामबाग रेलवे स्टेशन, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी का आवास और महिला थाना भी जलभराव की चपेट में आ गए. जिले में बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में भी लोगों की जान गई है.
प्रयागराज के मेजा में चकिया के बारे में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि बहरिया में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई. इसी तरह अन्य घटनाओं में भी लोगों के बहने और मौत की सूचनाएं सामने आई हैं.
कौशांबी-प्रतापगढ़ में भी हादसे
कौशांबी के महेवाघाट थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई. प्रतापगढ़ में बारिश के दौरान छप्पर गिरने से एक किसान की जान चली गई. वहीं कच्चा मकान गिरने से छह लोग घायल हो गए. लगातार बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों और कमजोर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है.
सोनभद्र में उफनी नदियां, चार लोग लापता
सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में बिजुल नदी उफान पर है. ग्राम पंचायत परसौई में नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है. सोमवार शाम रामप्रीत खड़वार और बेचई बेगा पानी के तेज बहाव में बह गए. वहीं बीजपुर थाना क्षेत्र के रजमिलान गांव में उफनाई बिच्छी नदी में लल्लू और राजकुमार के लापता होने की सूचना है. दोनों की तलाश जारी है.
इसके अलावा, मिर्जापुर में कर्णावती नदी पार करते समय अशफाक और अड़वा नदी के पुल पर पैर फिसलने से धर्मराज बह गए. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तलाश में लगाया गया है.
बिजनौर में गांवों तक पहुंचा गंगा का पानी
बिजनौर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से खादर क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. रायपुर खादर गांव के चारों तरफ पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है. वहीं मीरापुर सीकरी के जंगल में भी पानी बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. कई स्थानों पर सड़कें और संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं.
कानपुर-कन्नौज में भी बारिश बनी आफत
कानपुर के फफूंद क्षेत्र में मकान की दीवार गिरने से एक युवती की मौत हो गई. कन्नौज में मकान की कोठरी गिरने से मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हुई. वहीं, अरिल नदी में नहाते समय तीन दोस्त तेज बहाव की चपेट में आ गए. एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को बचाने के प्रयास किए गए. स्थानीय लोगों और राहत दलों ने तलाशी अभिय़ान चलाया.
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है. प्रशासन की ओर से राहत-बचाव टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है.