यूपी में घर खरीदने का मौका, 8 शहरों में शुरू हुई हजारों फ्लैटों की बिक्री; जानें कितनी है कीमत

उत्तर प्रदेश में अपना घर खरीदने का सपना पूरा करने के लिए यूपी हाउसिंग बोर्ड और विभिन्न विकास प्राधिकरण आकर्षक आवासीय योजनाएं लाए हैं. 8 शहरों में ₹11.69 लाख से फ्लैट, प्लॉट उपलब्ध हैं. 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर बिक्री हो रही है और जल्दी भुगतान पर छूट भी है.

यूपी के 8 शहरों में सस्ते फ्लैट्स खरीदने का सुनहरा मौका Image Credit:

उत्तर प्रदेश में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खबर है. यूपी हाउसिंग बोर्ड ने 8 शहरों में आकर्षक छूट के साथ फ्लैट्स की बिक्री शुरू की है. खास बात यह है कि इनमें कम बजट वाले घरों से लेकर प्रीमियम अपार्टमेंट तक हर वर्ग के खरीदारों के लिए विकल्प मौजूद हैं. ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर 11.69 लाख से घर उपलब्ध हैं.

प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों लखनऊ, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर और सुल्तानपुर में फ्लैटों की बिक्री शुरू हो चुकी है. इन फ्लैटों की कीमत करीब 11.69 लाख रुपये से शुरू होकर 1.07 करोड़ रुपये तक है. सबसे अधिक विकल्प राजधानी लखनऊ में उपलब्ध हैं, जहां एक बेडरूम से लेकर तीन बेडरूम तक के फ्लैट खरीदे जा सकते हैं.

लखनऊ में 1BHK फ्लैट 12 लाख रुपये से शुरू

हाउसिंग बोर्ड इन फ्लैटों का आवंटन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर कर रहा है. साथ ही खरीदारों के लिए विशेष छूट योजना भी शुरू की गई है. आवंटन के बाद 45 दिनों के भीतर पूरा भुगतान करने पर 6 प्रतिशत, 60 दिनों में भुगतान करने पर 5 प्रतिशत और 90 दिनों के भीतर भुगतान करने पर 4 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी.

इसमें लखनऊ में सबसे ज्यादा विकल्प शामिल हैं. राजधानी लखनऊ में गोकुल ग्राम, वृंदावन योजना और अवध विहार जैसी परियोजनाओं में बड़ी संख्या में फ्लैट उपलब्ध हैं. यहां 1BHK फ्लैट करीब 12 लाख रुपये से शुरू होकर प्रीमियम 3BHK फ्लैट एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत तक उपलब्ध हैं. इसमें फ्लैट्स या प्लॉट के लिए 30 जून तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

गाजियाबाद, मेरठ और अन्य शहरों में भी अवसर

गाजियाबाद की मंडोला विहार और सिद्धार्थ विहार योजना में किफायती फ्लैट उपलब्ध हैं. वहीं मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, कानपुर, आगरा और सुल्तानपुर में भी अलग-अलग बजट के फ्लैट खरीदारों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं.

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) भी अपनी कई आवासीय योजनाओं में खाली पड़े फ्लैटों की बिक्री कर रहा है. कोयल एन्क्लेव, मधुबन-बापूधाम और इंद्रप्रस्थ योजना में कुल 900 से अधिक फ्लैट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध हैं.

लखनऊ LDA ने शुरू की 1646 फ्लैटों की बिक्री

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने भी शहर की विभिन्न आवासीय योजनाओं में बने 1646 फ्लैटों की बिक्री शुरू कर दी है. इन फ्लैटों के लिए 30 जून 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं. गोमतीनगर, कानपुर रोड, रायबरेली रोड और जानकीपुरम जैसे प्रमुख इलाकों में 1BHK, 2BHK और 3BHK फ्लैट उपलब्ध हैं.

जानकीपुरम स्थित स्मृति और सृष्टि अपार्टमेंट में सबसे अधिक फ्लैट उपलब्ध हैं, जबकि गोमतीनगर और कानपुर रोड के प्रोजेक्ट्स में भी अच्छी संख्या में आवास उपलब्ध कराए गए हैं.

वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर में भी नई योजनाएं

वाराणसी विकास प्राधिकरण नई आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं पर काम कर रहा है. वहीं प्रयागराज में नए विला और बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं की तैयारी चल रही है. कानपुर विकास प्राधिकरण भी अपनी पुरानी योजनाओं में रियायती दरों पर मकान उपलब्ध करा रहा है.

सरकारी एजेंसियों की इन योजनाओं ने उन लोगों के लिए बड़ा अवसर तैयार किया है, जो सुरक्षित निवेश के साथ अपना घर खरीदने का सपना पूरा करना चाहते हैं. खासकर मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है.

Follow Us