पूरे यूपी में गरज के साथ झमाझम बारिश, बिजली गिरने का भी अलर्ट, 4-6°C तक गिरेगा पारा

उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो गया है. IMD ने पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को आकाशीय बिजली से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. प्रदेश में अब तक 26% कम बारिश हुई है. अगले तीन दिनों में तापमान में भारी गिरावट आ सकती है.

नोएडा में भारिश बारिश और जलऊराव के बीच चलती गाड़ियां (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को प्रदेश के दोनों संभागों में लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. खराब मौसम को देखते हुए पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

पिछले 24 घंटों के दौरान दोनों संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिलसिला अभी जारी रहेगा. अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

इन 31 जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

इसके अलावा लगभग सभी जिलों में मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी है. जैसे लखनऊ, बाराबंकी, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, शामली, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, झांसी, महोबा, जालौन, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

अब तक प्रदेश में सामान्य से 26% कम हुई बारिश

जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 30 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में प्रदेश में 350.9 मिमी के मुकाबले केवल 259.8 मिमी बारिश हुई. पश्चिमी यूपी में 14 प्रतिशत कम 312 की जगह 269 मिमी बारिश हुई और पूर्वी यूपी में 253.3 मिमी बारिश हुई जो सामान्य 378.6 से 33 प्रतिशत कम है.

Follow Us