यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, आज से बारिश का नया दौर शुरू; कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त के बीच मानसून फिर जोर पकड़ेगा. मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य में व्यापक मानसूनी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के चलते तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. IMD ने आज 11 जिलों में अलर्ट जारी किया है.

ताजमहल पर काले मानसूनी बादल मंडराते हुए Image Credit: PTI

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. पिछले कुछ दिनों से बारिश के नदारद रहने से अधिकतम तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 13-18 अगस्त तक बड़े पैमाने पर मानसूनी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की उम्मीद है.

मौसम विभाग की लखनऊ केंद्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त तक व्यापक मानसूनी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी अलर्ट है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

यूपी के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बस्ती, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना अधिक है. इन जिलों में लोगों को जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों के लिए सतर्क रहने की जरूरत है.

बारिश के साथ कई जिलों में मेघगर्जना और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है.

लखीमपुर सबसे गर्म, नजीबाबाद सबसे ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक इस समय दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक एक चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है. इसके प्रभाव से निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की स्थिति बनी है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण यूपी के दक्षिणी हिस्सों में मानसून के मजबूत होने के आसार हैं. उत्तर प्रदेश में मानसून अगले पांच दिन हावी रहने वाला है.

वहीं, मंगलवार यानी 11 अगस्त को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान लखीमपुर खीरी में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा. बीते 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से लेकर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पूर्वी यूपी में भी कई जगह ठीक-ठीक बारिश हुई.

Follow Us