पूर्वांचल में आज भी गरजेंगे बादल, कई जिलों में अलर्ट; पश्चिमी यूपी में थमा बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में मानसून अपने आखिरी दौर में है. पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी है. जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर थमा है. मौसम विभाग ने पूर्वांचल में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में मानसून अब अपने आखिरी दौर में है. पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ रही हैं. जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पूर्वी यूपी में सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. वहीं, दिल्ली-NCR से सटे इलाकों में भी आसमान में काले बादल छाए रह सकते हैं.
वाराणसी समेत इन जिलों में भी बारिश
मौसम विभाग ने इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज और बलरामपुर समेत आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमा जताया है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
पश्चिमी यूपी में थमा बारिश का दौर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब बारिश का दौर कमजोर पड़ने की संभावना है. हालांकि,नोएडा-गाजियाबाद जैसे इलाकों में दिन में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. बीते दिन शाम में नोएडा और गाजियाबाद में तेज बारिश हुई थी. जिससे मौसम सुहावना हो गया था.
अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं.
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस मेरठ में दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस हरदोई में रिकॉर्ड हुआ. फिलहाल पूर्वांचल में बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है, जबकि पश्चिमी यूपी में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के संकेत हैं.