यूपी में अगले कुछ दिन बरसेंगे बादल, आज 27 जिलों में भारी बारिश-बिजली का डबल अलर्ट!
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है. कई जिलों में भारी बारिश के साथ जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का अलर्ट है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है.
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने सोनभद्र, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, औरैया, बदायूं, फिरोजाबाद, कासगंज, हापुड़ और बागपत में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
कई जिलों में जलभराव और बाढ़ की आशंका
बारिश के साथ कई जिलों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है. बांदा, चित्रकूट, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, शाहजहांपुर, संभल, जालौन, हमीरपुर और झांसी सहित कई जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान हरदोई में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि झांसी और बांदा में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
इन जिलों में तेज हवा के साथ बज्रपात की संभावना
वहीं, बांदा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, हिरनखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली,मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन में तेज हवा के साथ बज्रपात की संभावना है.
प्रशासन की लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मध्य और दक्षिणी यूपी के कुछ हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में तापमान में गिरावट की संभावना है. इसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत फिलहाल नहीं हैं. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.