UP में आफत बन आई आंधी-बारिश, 56 लोगों की मौत; 38 जिलों में IMD का येलो अलर्ट… Video

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में भीषण आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है. इन प्राकृतिक आपदाओं में अब तक 56 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है और 50 से अधिक घायल हुए हैं. पेड़ों, बिजली के खंभों और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए 38 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी में आंधी पानी ने जमकर ढाया कहर Image Credit:

एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बुधवार को उत्तर प्रदेश में भारी तबाही हुई. तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की वजह से दर्जन भर जिलों में पेड़, बिजली के पोल और मकान गिरने की घटनाएं हुई हैं. इन घटनाओं में 56 लोगों के मरने की भी खबर है. जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम का यह कहर अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकता है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने 38 से अधिक जिलों में भारी बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर ढाई बजे के आसपास उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी और प्रयागराज आदि जिलों में मौसम बदल गया. अचानक तेज आंधी पानी के साथ ओले पड़ने लगे. कई जगहों पर तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई. जगह जगह पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकानों के टीन शेड उड़ गए. सड़कों पर लगे साइन बोर्ड भी धराशायी हो गए. तूफान की वजह से उन्नाव में एक बड़ा पेड़ सड़क पर खड़ी कार के ऊपर गिर गया. अकेले उन्नाव में ही इस आंधी पानी की वजह से 7 लोगों के मरने की खबर हैं. वहीं भारी पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ है.

बरेली-बदायूं में भी तबाही

इस आंधी पानी से केवल प्रयागराज और उन्नाव ही नहीं, जौनपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, बनारस और बांदा में काफी तबाही हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटा से भी अधिक स्पीड से हवाएं चली हैं. इसकी वजह से इन जिलों में भी भारी तबाही हुई है. बदायूं में भी 5 लोगों की मौतें हुई हैं. वहीं फतेहपुर में भी 5 लोग मारे गए हैं. भदोही में एक मकान के ऊपर नीम का पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई.

भदोई-मिर्जापुर में 11 की मौत

इस आंधी पानी की वजह से भदोही में 10 लोगों की मौत हो गई. वहीं मिर्जापुर में भी एक वृद्ध की जान चली गई. इसी प्रकार प्रयागराज में भी 10 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 7 लोग प्रयागराज में ग्रामीण क्षेत्र के हैं. वहीं बाकी के तीन लोग प्रतापगढ़ के रहने वाले थे. इसी प्रकार सिद्धार्थनगर में लैट्रिन शेड गिरने से एक बच्चे की मौत हुई. उधर, फतेहपुर में 8, हरदोई में 2 तथा झांसी और कानपुर देहात में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. इसी प्रकार बदायूं में 6 और बरेली में 4 लोगों समेत कुल 10 मौतें हुईं हैं.

इन जिलों में भी तबाही

इस आंधी पानी की वजह से सीतापुर में पेड़ गिरने से 2 और रायबरेली में बिजली गिरने से एक किशोरी समेत 3 लोगों की मौत हो गई. रायबरेली के डलमऊ में रेलवे फाटक टूट गया, जबकि लालगंज में कार पर पेड़ गिर गया. इसी प्रकार संभल में दीवार और बिजली का पोल गिरने से एक महिला समेत 2 लोगों की मौत हुई. अमरोहा में 8 लोग घायल हुए. पूरे मंडल में 250 से अधिक बिजली के पोल गिरने से ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल हो गई है.

Follow Us

Latest Stories