UP में 9 लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश, AI मिशन पर योगी सरकार का फोकस
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आज सुबह 11 बजे विधानसभा में बजट पेश करेंगे. माना जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा बजट होगा. साल 2027 में होने वाले चुनाव को देखते हुए योगी सरकार इस बजट में महिलाओं, किसानों और छात्राओं को बड़ी खुशखबरी दे सकती है.
25 करोड़ की जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश पर आज सबकी नजर है. 09 फरवरी से यूपी विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हो गई है. यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट सत्र है. योगी सरकार आज यानी बुधवार को प्रदेश का बजट पेश कर रही है.
बजट पेश करने से पहले पहले करीब 9 बजे यूपी कैबिनेट की बैठक भी हुई. योगी सरकार इस बार 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट पेश कर रही है. उत्तर प्रदेश के इतिहास का यह अब तक सबसे बड़ा बजट है. अगले साल चुनाव को देखते हुए इस बजट में महिलाओं और छात्राओं को खास सौगातें गई हैं.
प्रदेश में MBBS सीटों की संख्या 12,800 किया गया
चिकित्सा शिक्षा के लिये 14,997 करोड़ रुपये बजट में आंवटित किए गए हैं. इस समय प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज हैं जिनमें 45 राज्य सरकार द्वारा संचालित हैं एवं 36 निजी क्षेत्र द्वारा संचालित हैं. 60 जिलों में मेडिकल कालेज की सुविधाएं हैं.16 जनपदों में मेडिकल कालेजों की स्थापना पीपीपी पद्धति से की जानी है. इसके अलावा राजकीय और निजी क्षेत्र के मेडिकल चिकित्सा संस्थानों में MBBS सीटों की संख्या वर्ष 2017 में 4,540 थी. अब इसे बढ़ाकर 12,800 कर दिया गया है.
आयुष सेवाओं के लिये लगभग 2,867 करोड़ रुपये प्रस्तावित
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन हेतु लगभग 8,641 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित किया गया है. आयुष्मान भारत नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन मिशन के लिए भी यूपी सरकार 2,000 करोड़ रुपये की व्यवस्था रखी गई है. आयुष सेवाओं के लिये लगभग 2,867 करोड़ रुपये रखी गई है.
कैंसर संस्थान, लखनऊ के लिये 315 करोड़ रुपये का बजट
कैंसर संस्थान, लखनऊ के लिये 315 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया. असाध्य रोगों के इलाज के लिये निशुल्क चिकित्सा सुविधा हेतु 130 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित है. चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के लिए 37,956 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. यह 2025-2026 की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है.
मजदूरों के लिए लेबर अड्डों का निर्माण कराया जाएगा
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अपने घर, गांव से दूर शहरों में काम करने वाले मजदूरों के लिये लेबर अड्डों का निर्माण कराया जाएगा. एक्स-ग्रेशिया अनुदान के तहत 26.08.2021 से 31.03.2022 तक ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत असंगठित श्रमिकों की किसी दुर्घटना में मृत्यु अथवा पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में 2 लाख रूपये. वहीं, आंशिक दिव्यांगता पर 01 लाख रूपये का भुगतान किया जा रहा है.
उद्यम के लिए युवाओं को गारंटी मुक्त और ब्याज फ्री लोन
सुरेश खन्ना के मुताबिक मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए युवाओं को गारंटी मुक्त और ब्याज फ्री लोन उपलब्ध कराया जा रहा है. योजना के तहत प्रति वर्ष 01 लाख नये सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना किए जाने का लक्ष्य है जिसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया जाएगा.
पुलिस विभाग के भवनों के लिए इतना बजट आवंटित
पुलिस विभाग के अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए लगभग 1374 करोड़, आवासीय भवनों के लिए 1243 करोड़, नए बने जिलों में पुलिस के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिये 346 करोड़ रुपये प्रस्तावित है. वहीं, अग्निशमन केन्द्रों के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 200 करोड़, बहुमंजिला भवनों में अग्निशमन व्यवस्था, नवनिर्मित केन्द्रों को पूरे तरीके से क्रियाशील बनाने के लिए190 करोड़, मिशन शक्ति के अन्तर्गत महिला बीट कर्मियों के क्षेत्र भ्रमण के लिए वाहनों के क्रय हेतु 25 करोड़ रूपये का बजट आवंटित किया गया.
‘साल 2016 के मुकाबले अपराधों में आई कमी’
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया 2016 के मुकाबले डकैती, लूट, हत्या, बलवा और फिरौती के लिये अपहरण के मामलों में 89 प्रतिशत, 85 प्रतिशत, 47 प्रतिशत, 70 प्रतिशत और 62 प्रतिशत की कमी आई है. महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वर्ष 2016 के मुकाबले हत्या, दहेज, मृत्यु, बलात्कार और शील भंग के मामलों में भी48 प्रतिशत, 19 प्रतिशत, 67 प्रतिशत और 34 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई
2017 से अब तक 2,19,000 से अधिक पुलिस पदों पर भर्ती
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि साल 2017 से अब तक पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर 1,83,766 पुरूष और 35,443 महिला सहित कुल 2,19,000 से अधिक पदों पर भर्ती की गयी है. इसके अलावा 1,58,000 कार्मियों को पदोन्नति दी गई है. इसके अलावा पुलिस विभाग में चयनित किये गये 60,244 आरक्षियों के लिए ट्रेनिंग कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है. साथ ही अराजपत्रित श्रेणी के 83,122 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है.
2017 से अब तक राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 8,966 नियुक्ति
मिशन रोजगार के अन्तर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 1939 प्रवक्ता, 6,808 सहायक अध्यापक एवं 219 प्रधानाचार्यों को शामिल करते हुये अब तक कुल 8,966 नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. साल 2017 से अब तक सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में कुल 34,074 शिक्षकों का चयन किया गया.
23,000 से अधिक युवाओं को दी जा रही फ्री कोचिंग
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा विगत 5 वर्षों में 9.25 लाख युवाओं को विभिन्न अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रशिक्षित करते हुए सर्टिफिकेट दिया गया है. तकरीबन 4.22 लाख युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों रोजगार दिलाया गया है.मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अन्तर्गत वर्तमान में संचालित 163 अभ्युदय केन्द्रों पर 23,000 से अधिक युवाओं को मुफ्त कोचिंग दी जा रही है.
युवाओं को दिए जा चुके हैं 49 लाख 86 हजार टैबलेट/स्मार्टफोन
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जानकारी दी कि युवाओं को सरकारी नीति निर्माण और क्रियान्वयन में भाग दिलाने के लिए 108 विकास खंडों में मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. स्वामी विवेकानन्द युवा-सशक्तिकरण योजना के तहत अब तक 49 लाख 86 हजार टैबलेट/स्मार्टफोन फ्री में युवाओं को बांटे जा चुके हैं. प्रदेश में अब तक 90,000 मंगल दलों को प्रोत्साहन देते हुए खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है.
किसानों से गेहूं-धान और बाजरे की हुई इतनी खरीद
सुरेश खन्ना ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में किसानों से 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं का क्रय करते हुए 2,512 करोड रूपये का भुगतान किया गया. वहीं, 42.96 लाख मीट्रिक टन धान का क्रय करते हुए 9,710 करोड़ रूपये से अधिक का भुगतान किया गया. इसके अलावा 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा क्रय करते हुए किसानों को 595 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया.
3,04,321 करोड़ रूपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि योगी सरकार के अब तक के कार्यकाल में 3,04,321 करोड़ रूपये से अधिक के रिकार्ड गन्ना मूल्य का भुगतान कराया गया है. यह भुगतान इसके पूर्व के 22 वर्षों के सम्मिलित गन्ना मूल्य भुगतान 2,13,519 करोड़ रूपये से भी 90,802 करोड़ रूपये अधिक है. पेराई सत्र 2025-2026 हेतु गन्ना मूल्य की दरों में 30 रूपये प्रति कुन्तल की वृद्धि की गयी है.
महिला गन्ना किसानों को पर्ची निर्गमन में प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने बताया कि महिला गन्ना किसानों को पर्ची निर्गमन में प्राथमिकता दी जा रही है. इसका लाभ प्रदेश की लगभग 60,000 महिला गन्ना किसानों को मिल रहा है. सेफ सिटी परियोजना के तहत महिला पुलिस बीट, व्यापक सीसीटीवी नेटवर्क और एंटी रोमियों स्क्वाड की तैनाती से सार्वजनिक स्थलों और कार्य स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित की गई. गरीब परिवार की बेटियों को शादी के लिए 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया.
प्रदेश में 5 मिल्क प्रोडयूसर कम्पनियों का होगा गठन
सुरेश खन्ना ने बताया कि महिला सामर्थ्य योजना के तहत प्रदेश में 5 मिल्क प्रोडयूसर कम्पनियों का गठन होना था. गोरखपुर, बरेली और रायबरेली में कम्पनियों का गठन करने दुग्ध संग्रहण और विपणन का काम शुरू हो गया है. प्रयागराज और लखनऊ में इससे जुड़ी कम्पनियों का गठन प्रस्तावित है.
एग्री-एक्सपोर्ट हब और जेवर एयरपोर्ट पर 5 रनवे
प्रदेश में यूपी एग्रीज परियोजना के अन्तर्गत एग्री-एक्सपोर्ट हब की स्थापना कराई जाएगी. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अगले चरण के रूप में जनविश्वास सिद्धांत के आधार पर उद्योगों को प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा. इसमें रजिस्ट्रेशन, लाइसेसिंग आदि कार्यवाहियों को और अधिक सहज एवं सुगम बनाया जाएगा. साथ ही जेवर एयरपोर्ट पर 2 की जगह 5 रनवे बनाए जाएंगे.
डीजल आधारित नलकूपों को सौर ऊर्जा आधारित किया जाएगा
डीजल आधारित नलकूपों को सौर ऊर्जा आधारित किया जाएगा. कृषि वितरण एवं निर्यात को बढ़ावा देने की योजना लाई जाएगी. आर्थिक विकास के दृष्टिकोण से सिटी इकोनॉमिक रीजन योजना भी लॉन्च की जाएगी. इसके अलावा प्रदेश में डिजिटल इन्टरप्रन्योरशिप योजना पर कार्य किया जाएगा.
हर जिला अस्पताल में इमरजेंसी और ट्रामा सेन्टर की स्थापना की जाएगी
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रत्येक जिला अस्पताल में इमरजेंसी और ट्रामा सेन्टर की स्थापना किया जाएगा. हर जिलों में छात्राओं को हॉस्टल मुहैया कराया जाएगा. 10 हजार टूरिस्ट गाइडों का कौशल संवर्धन किया जाएगा. इसका लाभ यूपी के साथ-साथ अन्य प्रदेश के लोगों को भी हो सकेगा.
डाटा अथॉरिटी और डाटा सेंटर क्लस्टर्स होगी स्थापना
सरकार प्रदेश में स्टेट डाटा अथॉरिटी और डाटा सेन्टर क्लस्टर्स की स्थापना करेगी. प्रदेश में एआई मिशन की स्थापना के साथ-साथ टेक युवा और समर्थ युवा योजना भी लाई जा रही है. इसके अलावा प्रदेश में नई और उभरती टेक्नोलॉजी मिशन की स्थापना किया जाएगा.
AI का इकोसिस्टम बनाएगी सरकार
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जल्द ही सरकार प्रदेश में AI का इकोसिस्टम बनाएगी. उन्होंने आगे कहा कि सरकार उद्योग और तकनीक में निवेश के साथ ही प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर यूपी को स्टार्ट अप रैंकिंग में ‘‘लीडर श्रेणी’’ की रैंकिंग हासिल हुई है.
अब तक सरकार ने 50 लाख करोड़ रूपये के MOU किया साइन
सुरेश खन्ना ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रूपये के एमओयू साइन कर चुकी है. उससे लगभग 10 लाख रोजगार के पैदा होने की संभावना है. अब तक 15 लाख करोड़ रूपये के निवेश की लगभग 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के 04 ग्राउण्ड ब्रेकिंग समारोह पूरे किए जा चुके हैं.
साल 2025-2026 में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 20 हजार रुपये
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में साल 2025-2026 में प्रति व्यक्ति आय 1,20,000 रूपये होने का अनुमान है. प्रदेश में लगभग 06 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. बेरोजगारी की दर 2.24 प्रतिशत रह गयी है. साल 2024-25 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1,09,844 रुपये थी.
प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है-सुरेश खन्ना
बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा किहमारी सरकार के पिछले और वर्तमान कार्यकाल में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है, चाहे कानून व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण हो, अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार हो, औद्योगिक निवेश हो, रोजगार सृजन हो, महिलाओं का सशक्तीकरण हो, युवाओं का कौशल संवर्धन हो, किसानों की खुशहाली हो, गरीबी उन्मूलन हो.
बजट पेश होने से पहले सपा का विरोध शुरू
सपा विधायक सचिन यादव विधानसभा में बजट के विरोध में तख्तियां लेकर पहुंचे हैं. विधायक सचिन यादव ने आरोप लगाया की सरकार पिछला बजट खर्च नहीं कर पाई है. नया भारी भरकम बजट लाकर सरकार जनता तो सिर्फ झूठे आंकड़ों में फंसा रही है.
यूपी के बजट से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ट्वीट
यूपी का बजट पेश होने से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरते हुए अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि यूपी सरकार के विदाई बजट के साथ भाजपा की भी विदाई तय है.
शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी हो सकती है
बजट से पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने टैबलेट भी दिखाया, जिसके जरिए बजट पेश किया जाना है. माना जा रहा है इस बार शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी हो सकती है. इसके अलावा विधवा और दिव्यांग पेंशन में भी बढ़ोतरी हो सकती है.
यूपी विकास व समृद्धि के एक दशक का साक्षी बन रहा- सीएम योगी
यूपी विधान सभा में बजट पेश होने से पूर्व सीएम योगी ने अपने X अकाउंट पर इसको लेकर एक पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व में नया भारत का नया उत्तर प्रदेश विकास व समृद्धि के एक दशक का साक्षी बन रहा. सरकार लगातार 10वीं बार विधान मंडल में सर्वसमावेशी विकास का बजट प्रस्तुत करने जा रही है. यह बजट 25 करोड़ प्रदेशवासियों की आशाओं व आकांक्षाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का दशकीय प्रमाण है.
आंकड़ों के लिहाज से सबसे बड़ा बजट- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बजट 2026 को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के इतिहास का आंकड़ों के लिहाज से सबसे बड़ा बजट पेश होने जा रहा है. यह बजट राज्य के समग्र विकास को नई गति देगा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष फोकस करेगा.