यूपी में मानसून की विदाई से पहले बारिश का जोर, आज 25 से ज्यादा जिलों में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है. बांदा, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ सहित 25 से अधिक जिलों में मानसून की मेहरबानी दिखेगी. नोएडा-गाजियाबाद में भी दिन भर आंशिक तौर पर बादलों छाए रहेंगे.

उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है, लेकिन जाते-जाते बारिश एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है. मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर जबकि पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बौछारें पड़ सकती हैं. बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ कैंद के मुताबिक, बुधवार को पूर्वांचल के कई जिलों के साथ मध्य और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. नोएडा-गाजियाबाद में भी दिन भर आंशिक तौर पर बादलों छाए रहेंगे. साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं.

यूपी के इन जिलों में बारिश के ज्यादा आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.

वहीं आगरा, फिरोजाबाद, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाज़ीपुर, वाराणसी और चंदौली में भी अनेक स्थानों पर बारिश होने की अलर्ट दिया गया है. वहीं, तेज हवा और बिजली गिरने को लेकर मौसम की चेतावनी दी गई है. इसके लिए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है.

पूर्वी यूपी में सामान्य से 20% कम बारिश

इस मानसून सीजन में अब तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 473.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 589.6 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यानी पूर्वी यूपी में बारिश सामान्य से करीब 20 फीसदी कम रही है. जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब तक 498.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 509.4 मिलीमीटर है.

पूरे प्रदेश की बात करें तो यूपी में अब तक 483.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य बारिश 556.2 मिलीमीटर है. यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 13 फीसदी कम रही है.

हालांकि कुछ जिलों में बारिश ने सामान्य आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है. मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 फीसदी से अधिक बारिश दर्ज की गई है. दूसरी ओर भदोही, देवरिया, जौनपुर, कानपुर देहात, कुशीनगर, मऊ और गाजियाबाद में सामान्य से 60 फीसदी से अधिक कम बारिश हुई है.

Follow Us