27 अगस्त तक रोज बारिश का अलर्ट, फिर UP में उमस से क्यों हुआ बुरा हाल? देखें मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में 27 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके बावजूद, प्रदेशभर में उमस और गर्मी के मारे बुरा हाल है. शुक्रवार को कई जिलों में धूप खिली और उमस 90% तक पहुंच गई. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की विदाई सितंबर के दूसरे हफ्ते तक संभावित है. आज शनिवार को ही पश्चिमी उततर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है.
उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में बीते एक हफ्ते से बारिश हो रही है. खासतौर पर प्रयागराज, चित्रकूट और बनारस में बाढ़ और बारिश ने तो बुरा हाल कर दिया. अब भारतीय मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते यानी 27 अगस्त तक के लिए पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस हफ्ते में ज्यादातर बारिश इन्हीं इलाकों में हो सकती है. हालांकि इतनी बारशि के बावजूद प्रदेश में गर्मी और उमस से कोई खास राहत नहीं मिली है.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शुक्रवार को पूरे दिन धूप खिली. हालांकि तापमान में इजाफा हुआ. वहीं मौसम में आद्रता बढ़ने की वजह से सुबह-सुबह ही उमस बढ़कर 91 फीसदी तक पहुंच गई. वहीं रही सही कसर दोपहर में तेज धूप ने पूरी कर ली. इधर, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज शनिवार को तड़के से ही बारिश हो रही है. आज गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ आदि जिलों में कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश हुई है.
बढ़ी गर्मी, हुआ बुरा हाल
प्रदेश में लगातार बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही. शुक्रवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं कुछ यही स्थिति नोएडा-गाजियाबाद का भी रहा. उधर, पूर्वांचल के जिलों में थोड़ी राहत के साथ अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ. वहीं मौसम में आद्रता बने रहने की वजह से पूरे प्रदेश में उमस भी 75 से 95 फीसदी के बीच बनी रही.
अब विदा होने वाला है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानूसन इस समय भले ही जोर पर है, लेकिन इसकी विदाई का समय भी आ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर महीने के दूसरे हफ्ते तक मानसून की विदाई संभव है. ऐसे में 27 अगस्त के बाद और सितंबर के शुरूआती दिनों में केवल छुटपुट बारिश हो सकती है. अब पूरे प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश के आसार कम ही हैं.