UPPSC PCS मेंस 2024 रिजल्ट आउट: 2179 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई, यहां करें चेक

यूपी पीसीएस मेंस परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है. कुल 2179 अभ्यर्थी 947 पदों के लिए इंटरव्यू दे सकेंगे. इनमें से 887 रिक्तियों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाएगा. 60 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है.

यूपी पीसीएस मेंस रिजल्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. आयोग ने कुल 2179 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए योग्य घोषित किया है. पीसीएस मेंस की परीक्षा 29 जून 2025 को प्रयागराज और लखनऊ के केंद्रों पर आयोजित हुई थी. इस परीक्षा में 13776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. यूपी लोक सेवा आयोग के मुताबिक पीसीएस संवर्ग के कुल 24 प्रकार के पदों के लिए 947 पदों पर भर्ती होनी है.

947 पदों में 887 रिक्तियों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाएगा. 60 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है. इनका भी रिलल्ट अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा. बता दां कि अभ्यर्थी अपना पीसीएस मेंस का परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर विजिट कर देख सकते हैं.

इन अभ्यर्थियों रिजल्ट नहीं किया गया घोषित

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि पीसीएस परीक्षा को लेकर इलाहाबाद में 15 रिट याचिकाएं दाखिल है. इन याचिकाओं से जुड़े अभ्यर्थियों का रिजल्ट घोषित नहीं किया गया. इनका परीक्षा परिणाम संबंधित याचिकाओं में न्यायालय के फैसले के अनुसार जारी किया जाएगा.

इससे अलावा उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम भी विशेष अपील (संख्या 475 (डी)/2019) में हाईकोर्ट के अधीन है. कोर्ट के निर्णय के आधार पर ही इन महिला अभ्यर्थियों के रिजल्ट की घोषणा पर फैसला लिया जाएगा

इंटरव्यू के लिए जल्द अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा

सचिव अशोक कुमार के मुताबिक पीसीएस मेंस में सफल अभ्यर्थियों को अधिमान्यता एवं साक्षात्कार के बारे में डिटेल्ड सूचना अलग जारी की जाएगी. साथ ही परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कट ऑफ अंक आदि की सूचनाएं पीसीएस परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद जारी की जाएंगी.