टैक्स चोरों की खैर नहीं! UP में कुल राजस्व 1.14 लाख करोड़ के पार, 4029 करोड़ की काली कमाई भी जब्त
उत्तर प्रदेश में कुल राजस्व 1.14 लाख करोड़ के पार चला गया है. इसके अलावा कर विभाग की तरफ से 4029 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई है और वसूली कर ली गई है. सबसे बड़ा झटका फर्जी ई-वे बिल घोटालेबाजों को लगा. इनसे 1,152 करोड़ रुपये की वसूली मौके पर ही करा ली गई.
उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग ने वर्ष 2024-25 में टैक्स चोरों पर ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे देश में मिसाल कायम हो गई. सचल दलों और विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने मिलकर 4,029.73 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी और मौके पर ही वसूली कर ली. यह आंकड़ा विभाग की वार्षिक रिपोर्ट में सामने आया है. इसे प्रमुख सचिव एम. देवराज और आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने सोमवार यानी 1 दिसंबर को जारी किया.
वाहन चेकिंग से लेकर फर्जी ई-वे बिल तक, हर मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई की गई है. प्रदेश के 20 जोनों में तैनात 148 सचल दलों ने 43,377 वाहनों की जांच की. बिना दस्तावेज या अधूरे कागजात वाले माल की कीमत 683.79 करोड़ रुपये आंकी गई, जिस पर तुरंत टैक्स-पेनल्टी वसूली हुई.
इतने करोड़ रुपये की टैक्स चोरी हुई उजागर
SIB ने बड़े व्यापारिक घरानों की गहन जांच कर 2,193.94 करोड़ रुपये की कर चोरी उजागर किया. सबसे बड़ा झटका फर्जी ई-वे बिल घोटालेबाजों को लगा. 1,152 करोड़ रुपये की वसूली मौके पर ही करा ली गई.
पांच साल में राजस्व ने पकड़ी रफ्तार
- 2020-21 से 2024-25 तक राज्य कर संग्रह का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ा
- 2020-21 80,301.52 करोड़
- 2021-22 98,107.04 करोड़
- 2022-23 1,07,406.90 करोड़
- 2023-24 1,10,345.96 करोड़
- 2024-25 1,14,637.54 करोड़ (3.89% की बढ़ोतरी)
इस साल राज्य कर विभाग ने कुल राज्य राजस्व का 50.79% अकेले जुटाया. जीएसटी रजिस्ट्रेशन में यूपी फिर नंबर-1 बना. 2024-25 में 3.14 लाख नए जीएसटी पंजीकरण कराए गए. 2025-26 के लिए भी 1.39 लाख नए पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है.
- पेट्रोल पर वैट 10,108.09 करोड़
- डीजल पर वैट 17,093.26 करोड़
- प्राकृतिक गैस 4,826.95 करोड़
- मानव उपभोग वाली शराब पर वैट 62.32% की जबरदस्त बढ़ोतरी के साथ 23.86 करोड़
- कुल वैट कलेक्शन 32,077.02 करोड़ (3.46% ग्रोथ)
कुल वैट कलेक्शन पर भी जबरदस्त बढ़ोतरी
मानव उपभोग वाली शराब पर 62.32% वैट के साथ 23.86 करोड़ रुपये की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई. साथ ही कुल वैट कलेक्शन 3.46% की बढ़ोतरी हुई 32,077.02 करोड़ तक पहुंच गया.
क्या रहा वर्ष 2024-25 का विभागवार कर योगदान
- राज्य कर विभाग: 1,14,637.54 करोड़ (50.79%)
- आबकारी: 52,574.52 करोड़
- स्टांप एवं पंजीकरण: 30,205.97 करोड़
- परिवहन: 11,499.01 करोड़
- ऊर्जा: 3038.22 करोड़
- भूमि-राजस्व: 413.84 करोड़
- कुल करेतर राजस्व: 13,354.45 करोड़
कर्मचारियों की मेहनत का नतीजा: आयुक्त
उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने कहा कि यह सफलता हमारे अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का नतीजा है. आने वाले साल में हम और सख्ती से टैक्स चोरी रोकेंगे ताकि राज्य का खजाना और मजबूत हो.