’24 साल की थकावट आज दूर हुई’, बरी होने के बाद बोले अभय और विनीत सिंह, धनंजय पर बड़ा आरोप

वाराणसी के 24 साल पुराने ओपन शूटआउट कांड में विधायक अभय सिंह और एमएलसी विनीत सिंह बरी हो गए हैं. कोर्ट के फैसले से उन्हें 24 साल बाद न्याय मिला और 'थकावट दूर हुई'. उन्होंने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को 'अपराधजीवी' बताते हुए उन पर फंसाने का आरोप लगाया. कहा कि यह फैसला सत्य और न्याय की जीत है.

कोर्ट के फैसले के बाद अभय सिंह और विनीत सिंह Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बनारस में टकसाल सिनेमा के सामने 24 साल पहले हुए ओपन शूटआउट कांड में गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह बरी हो गए हैं. कोर्ट के फैसले के बाद विधायक अभय सिंह ने राहत की सांस ली. कहा कि 24 साल बाद मुझे न्याय मिला है. इस दौरान उन्होंने जौनपुर से पूर्व बाहुबली सांसद धनंजय सिंह को अपराधी बताया. कहा कि वह अपराधजीवी व्यक्ति हैं और उनकी प्रवृति ही अपराधी है. यह बात कोर्ट में भी प्रमाणित हुई है.

बता दें कि इस वारदात में बाहुबली नेता धनंजय सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था. इस वारदात में वह बाल-बाल बचे थे. अभय सिंह का आरोप है कि उस समय बसपा की सरकार थी और वह खुद बसपा में थे, इसलिए पुलिस पर दबाव बनाकर उन्होंने उनके और विनीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दिया था. हालांकि बाद में खुद बसपा सुप्रीमो मायावती को भी धनंजय सिंह के बारे में पता चल गया. इसलिए उन्होंने धनंजय सिंह को पार्टी से निकाल बाहर करने के साथ ही 50 हजार का इनाम भी घोषित कराया था.

टीवी9 से की विशेष बात

कोर्ट के फैसले के बाद विधायक अभय सिंह और विनीत सिंह ने टीवी9 से विशेष बातचीत की. उन्होंने 24 साल बाद आए इस फैसले के लिए कोर्ट और कोर्ट में मदद करने वाले वकीलों का आभार प्रकट किया. कहा कि इस मामले की पैरवी और सच्चाई को साबित करने में 24 साल लग गए, लेकिन कोर्ट के इस फैसले से 24 साल की थकावट खत्म हो गई. उन्होंने एक बार फिर धनंजय सिंह पर हमले करते हुए कहा कि उसकी तो प्रवृति ही आपराधिक है. वह पहले भी कई बार उन्हें फंसाने की कोशिश कर चुका है.

विनीत सिंह ने समझाया बाहुबली का अर्थ

कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी एमएलसी विनीत सिंह ने भी कोर्ट को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि 24 साल बाद अब राहत मिली है. एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि बाहुबली शब्द का अर्थ है कि अपने बाहुबल से लोगों का भला करना. यह एक एक पॉजिटिव शब्द है, लेकिन लोगों ने इस शब्द को ही निगेटिव बना दिया. बता दें कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हमले में विधायक विनीत सिंह भी आरोपी थे और उन्हें भी कोर्ट ने बरी कर दिया है.

Follow Us