वाराणसी: दालमंडी में आज 14 मकान ध्वस्त, मस्जिदें बनी चुनौती; प्रशासन-कमेटियों की हुई बैठक
वाराणसी की दालमंडी में चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण अभियान जारी है, जिसके तहत 126 भवन ध्वस्त किए जा चुके हैं. हालांकि, परियोजना में आ रही छह मस्जिदें प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं. PWD ने मस्जिद कमेटियों को नई मस्जिद के निर्माण या मुआवजे का प्रस्ताव दिया है. इसको लेकर लगातार बैठकें जारी हैं.
वाराणसी में पूर्वांचल की सबसे बड़ी होलसेल मार्केट दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर ध्वस्तीकरण अभियान जारी है. इसके तहत रविवार को 14 मकान ध्वस्त किए गए, जिन्हे पहले से अंतिम नोटिस जारी था. लेकिन मार्ग में आ रही छह मस्जिदें प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं. एक बार फिर मस्जिद कमेटियों/मुत्वलियों के साथ प्रशासन की बैठक हुई.
एडीएम प्रोटोकॉल विनय कुमार सिंह की बैठक अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर के राइफल क्लब में बैठक हुई, जहां करीब एक घंटे तक इस मसले पर मंथन हुआ. हालांकि, प्रशासन और पीडब्लूडी की तरफ से कोई भी अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि फैसला लेने के लिए मस्जिद कमेटियों/मुत्वलियों को एक हफ़्ते का समय दिया गया है.
मस्जिद कमेटियों को PWD ने दिए हैं ये दो प्रस्ताव
पीडब्लूडी को 31 मई तक दालमंडी प्रोजेक्ट के लिए जमीन खाली करा कर चौड़ीकरण का कम शुरू करना था. लेकिन चौड़ीकरण परियोजना में दालमंडी की आधा दर्जन मस्जिदें प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. PWD ने मस्जिद कमेटियों और मुत्वल्लियों पहले ही दो प्रस्ताव दिया है, जिसमें दुसरे जगह नई मस्जिद निर्माण की बात कही है.
पीडब्लूडी की ओर से मस्जिद के ही जितना वैकल्पिक वक्फ भूमि या सरकारी जमीन चिन्हित करने को कहा गया है. पीडब्लूडी उस पर भी हम उतने ही एरिया में नई मस्जिद बनवाने या उसकी कीमत देने के लिए तैयार हैं. साथ ही एक हफ़्ते के अंदर अपने फैसले पीडब्लूडी (जो दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की कार्यदायी संस्था है) को बता दें.
कुल 181 बिल्डिंग में से, 126 पर ध्वस्तीकरण पूरी
PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर केके सिंह का कहना है, जिन स्ट्रक्चर की पहचान की गई थी, उन्हें गिराने की कार्रवाई की गई है. चौड़ीकरण परियोजना की जद में कुल 181 बिल्डिंग और 6 धार्मिक जगहें हैं. अब तक 181 बिल्डिंग में से, 126 भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है. और हमने जनता को लगभग 51 करोड़ रुपये का मुआवज़ा दिया है.
ये छह मस्जिदें प्रशासन के लिए बन रही चुनौती
- लंगड़ा हाफिज मस्जिद
- करीमुल्ला बेग मस्जिद
- संगमरमर वाली मस्जिद
- निसारन मस्जिद
- अली रज़ा मस्जिद
- रंगीले शाह मस्जिद
केके सिंह ने आगे कहा, ‘हमें उम्मीद है कि अगले 1-2 हफ़्तों में, हम सभी रहने वालों को मुआवज़ा दे पाएंगे और ज़मीन खाली करा पाएंगे. इसके बाद, तीसरे महीने के अंदर, हम साइट जनता को सौंपने की स्थिति में होंगे.’ दालमंडी प्रोजेक्ट के तहत 220 करोड़ की लागत से नई सड़क से चौक थाने तक 650 मीटर लंबी को 17.4 मीटर (लगभग 57 फीट) किया जा रहा है.