इस बार ईद बिना बिरयानी! वाराणसी में नवरात्रि के मौके पर 9 दिन तक नॉनवेज की दुकानें रहेंगी बंद
इस बार चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रहा है. 20/21मार्च को ईद पड़ रही है. ऐसे में कहा जा रहा है कि इस बार बनारस में ईद बिना चिकन बिरयानी और मटन कोरमे के बीतेगी. दरअसल, नगर निगम ने नवरात्रि के मौके पर 9 दिन तक नॉनवेज की बिक्री पर रोक लगाई है.
वाराणसी नगर निगम ने नवरात्रि के मौके पर 9 दिनों तक काशी में नॉनवेज बेचने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है. अगर, नगर निगम के निर्देशों की अवहेलना करते हुए कोई दुकानदार और रेस्टोरेंट पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वाराणसी नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम के सभी 100 वार्ड और 82 वर्ग किलोमीटर के दायरे में ये नियम लागू रहेगा. इसके क्रियान्वन को लेकर नगर निगम के पशु कल्याण विभाग लगातार सक्रिय रहेगा.
नवरात्रि के बीच पड़ रही ईद
इस बार चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रहा है. 20/21मार्च को ईद पड़ रही है. ऐसे में कहा जा रहा है कि इस बार बनारस में ईद बिना चिकन बिरयानी और मटन कोरमे के बीतेगी. इस पर वाराणसी नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि देखिए काशी एक धार्मिक और सनातनी नगरी है.नवरात्रि पर नॉनवेज की बिक्री पर रोक रहता ही है. लेकिन इस बार नवरात्रि के बीच ईद पड़ रही है, इसलिए ऐसा सवाल उठ रहा है. फिलहाल, नॉनवेज की बिक्री पर तो रोक रहेगी ही. हामरा अनुरोध कि पर्व मनाते समय हम एक दूसरे की भावनाओं का ख़्याल रखा जाए.
हमारी भावनाओं को भी समझें ‘सरकार’-दुकानदार
वाराणसी के गोलघर चौराहे पर जावेद कुरैशी पिछले 23 साल से चिकन- मटन की शॉप चला रहे हैं. वो इस फैसले से संतुष्ट नही दिखते है. जावेद कहते हैं कि साल भर का हमारा कमाने का एक दिन आता है. हमारे बारे में भी तो सोचें ‘सरकार’. इसके पहले भी ईद और नवरात्रि साथ में पड़े हैं लेकिन ऐसा नियम पहले तो कभी नही था.हम अपने हिन्दू भाईयों की भावनाओं का पूरा ख़्याल रखते हुए सारे नियम-कायदे से बेचने को तैयार हैं. नगर निगम के नियमों के मुताबिक साफ-सफाई और पर्दा डालकर हम बेचेंगे जैसा कि नगर निगम का कानून है. लेकिन अंग नॉनवेज की बिक्री नहीं की तो हमारा बड़ा नुकसान हो जाएगा.
लोगों मे क्या कहा?
रॉयल चिकन के नाम से सैजुद्दीन कुरैशी की मटन और चिकन की दुकान है. सैजुद्दीन कहते हैं कि अगर सरकार को लगता है कि नवरात्रि पर नॉनवेज बेचने से हिन्दू भाईयों की भावनाएं आहत होंगी तो हम नवरात्रि पर नही बेचेंगे. हम आपने ग्राहकों से कह रहे हैं कि दो दिन पहले ही चिकन – मटन खरीद कर ले जाओ और डीप फ्रीज़र में रख दो. ईद वाले दिन बनाना और खाना. मकबूल आलम रोड के रहने वाले परवेज अहमद कहते हैं कि कोई टेंशन नही है. बनारस में नॉनवेज नही मिलेगा न? हम जौनपुर से लाएंगे. लेकिन बिना चिकन बिरयानी और मटन कोरमा के ईद नही जाएगी.
