अंगूठा मैच न होने पर आई स्कैन… नोएडा में बुजुर्गों के लिए प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराना हुआ और आसान

बढ़ती उम्र के चलते कई बुजुर्गों के अंगूठे के निशान ठीक से पकड़ में नहीं आते थे. फिंगरप्रिंट मशीनें भी इन्हें मैच नहीं कर पाती हैं. ऐसे में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री में दिक्कतें आती हैं. ऐसे में अब नोएडा में शासन ने आई स्कैन के जरिए प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू की है.

नोएडा में बुजुर्गों के लिए रजिस्ट्री आसान

नोएडा में जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री प्रक्रिया को और आसान तथा सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है. शासन की तरफ से एक नई सुविधा शुरू करने का फैसला किया गया है. इसमें अंगूठे की निशान की जगह जमीन की रजिस्ट्री आंख (आईरिस) स्कैन के जरिए कराई जा सकेगी. ऐसा होने से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री प्रक्रिया और तेज, सटीक और पारदर्शी बन जाएगी. आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को राज्य के अन्य जिलों में भी शुरू किया जा सकता है.

बुजुर्गों के लिए सबसे सुविधाजनक

उम्र बढ़ने के चलते कई बुजुर्गों के अंगूठे के निशान ठीक से पकड़ में नहीं आते थे. सूखी त्वचा या घिसी हुई उंगलियों की वजह से अंगूठे के निशान को फिंगरप्रिंट मशीनें मैच नहीं कर पाती है. ऐसे में रजिस्ट्री के लिए आपको अलग-अलग डॉक्यूमेंट को दिखाने की जरूरत पड़ती है. इससे आपका समय तो जाया होता ही है. साथ ही कई बार डॉक्यूमेंट्स में मामूली कमी के चलते भी आपकी रजिस्ट्री भी रूक जाती है.

क्रेता-विक्रेता के सत्यापन में मिलेगी मदद

शासन की तरफ से नोएडा में रजिस्ट्री दफ्तर में आईरिस स्कैन मशीन लगाने का निर्देश दिया गया है. अगर प्रॉपर्टी के क्रेता और विक्रेताओं का अंगूठा मैच नहीं करता है, तो आई स्कैन के जरिए उनके पहचान का सत्यापान कराए जाएगा. इसका सबसे ज्यादा लाभ ये होगा कि प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री में फर्जीवाड़ा रुकेगा. ये आसानी से स्पष्ट हो जाएगा प्रॉपर्टी बेचने वाला सही इंसान है या नहीं.

फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक

प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री में बढ़ते हुए फर्जीवाड़े को देखते हुए सरकार ने 2 फरवरी 2026 से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए आधार सत्यापन जरूरी कर दिया था. अब आईरिस स्कैन प्रक्रिया लेकर आ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि आई स्कैन के जरिए बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी. इस बदलाव से सबसे ज्यादा फायदा बुजुर्गों को होगा. अंगूठे का निशान मिसमैच ना करने से उन्हें बार-बार रजिस्ट्री कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे. साथ रजिस्ट्री की प्रक्रिया तेज, सटीक और पारदर्शी भी बनेगी.

Follow Us