दादी को मारकर नौकरी हथियाना चाहती थी पोती, खिला दिया; जान बची तो हुआ खुलासा

काशी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. इसमें एक पोती ने अपनी दादी को सरकारी नौकरी हथियाने के लालच में उन्हें खाने में जहर दे दिया. मृतक आश्रित कोटे से मिली नौकरी पर पोती की बुरी नजर थी. हालांकि दादी की जान बच गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी पोती और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है, मामले की जांच जारी है.

दादी की हत्या की कोशिश में पोती अरेस्ट Image Credit:

भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी की हत्या की कोशिश हुई है. यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि खुद इस महिला की पोती ने मृतक आश्रित में उनकी नौकरी हथियाने के लिए अंजाम दिया है. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पोती को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

पुलिस के मुताबिक लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर की रहने वाली 56 वर्षीय पानपति देवी अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRI) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं. अभी उनकी नौकरी चार साल बची है. पति के निधन के बाद उन्हें मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी. अब उन्हीं की तरह उनकी पोती रवीना भी मृतक आश्रित कोटे से दादी की नौकरी हथियाना चाहती थी. पिछले दिनों पानपति देवी ने ही पोती रवीना की शादी भी कराई थी.

दादी की नौकरी पर थी बुरी नजर

पुलिस के मुताबिक शादी के बाद रवीना अपने पति मोनू के साथ मलदहिया में रहने लगी. लेकिन उसकी बुरी नजर दादी की नौकरी पर ही थी. इसलिए वह अक्सर दादी से मिलने के बहाने गोपालपुर स्थित मायके आती रहती थी. इसी बीच सरकारी नौकरी के लालच में उसने पति मोनू के साथ मिलकर साजिश रची. इसी साजिश के तहत दोनों 19 जून को गोपालपुर पहुंचे. जहां रात में खाने की थाली में रवीना ने चुपके से कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर दादी पानपति को दे दिया.

हालत बिगड़ते देख दोनों हुए फरार

खाना खाते ही दादी की हालत खराब होने लगी. यह देखकर रवीना और उसका पति मोनू दोनों फरार हो गए. पड़ोसियों ने पानपति देवी को अचेत देख कर अस्पताल पहुंचाया. जहां कई दिन के इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी जान बचा ली. अस्पताल से ठीक होकर घर लौटी पानपति देवी ने पुलिस में अपनी पोती रवीना और उसके पति मोनू कुमार के शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है. लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us