सपा को लेकर मंत्री ओमप्रकाश ने कर बड़ी भविष्यवाणी, बोले- बीच मानसून सत्र में ही टूट जाएगी पार्टी
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी मानसून सत्र के दौरान टूटेगी, जिसकी शुरुआत बलिया से होगी. उन्होंने सपा द्वारा दो साल से अपमानित किए जाने को अपनी नाराजगी का कारण बताया. राजभर ने इस टूट की तुलना टीएमसी और शिवसेना के विभाजन से की, और कहा कि अखिलेश यादव इसे रोक नहीं पाएंगे. सुभासपा की आजमगढ़ सीटों पर तैयारी जारी है.
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर वैसे तो बीते दो महीने से समाजवादी पार्टी के टूटने की बात कह रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ वो तारीख भी बता दी, जिस दिन सपा में टूट होगी. मंत्री ओमप्रकाश ने टीवी 9 डिजिटल के कैमरे पर दावा किया कि मानसून सत्र के बीच में ही समाजवादी पार्टी टूट जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी को तोड़ने की शुरुवात बलिया से होगी. सपा यह टूट ठीक उसी प्रकार होगी, जैसे टीएमसी और शिवसेना (उद्धव गुट) में हुई.
ओमप्रकाश राजभर ने टीवी9 भारतवर्ष से विशेष बातचीत में कहा कि इस समय सपा के कई बड़े नेता इस ऑपरेशन को अंजाम देने में जुटे हैं. अब अखिलेश यादव चाहें भी तो पार्टी में होने वाले इस टूट को रोक नहीं पाएंगे. उन्होंने कहा कि मैंने बलिया से लोकसभा के सदस्य और सपा नेता सनातन पाण्डेय का नाम नहीं लिया है, लेकिन इस बात पर कायम हूं कि सपा में होने वाली टूट की पृष्ठभूमि बलिया से ही लिखी गई है.
सपा से इतनी नाराज़गी क्यूं?
ओमप्रकाश राजभर से जब पूछा गया कि आखिर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी से उनकी इतनी नाराज़गी क्यूं है? इसके जवाब में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने पहले एक युवा नेता से उनको गाली दिलवाना शुरू किया, फिर एक महिला नेता को अपनी पार्टी के महिला सभा का अध्यक्ष बना के उससे गाली दिलवाई. पिछले दो साल से सपा के लोग हमको टारगेट किए हैं. हमारा भी सम्मान है, हम भी कैबिनेट मंत्री हैं, एक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. अब पानी नाक से ऊपर हो गया. हमको अपने बचाव में उतरना पड़ा. अब जब हम बोलना शुरू किए तो उनसे बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है.
क्या सुभासपा से लड़ेंगे बृजेश सिंह?
ओमप्रकाश राजभर ने बृजेश सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर भी बातचीत की. कहा कि बृजेश सिंह का नाम मतदाता सूची में है. इस आधार पर वो चुनाव लड़ने के अधिकारी हैं. यदि वो सुभासपा से चुनाव लड़ना चाहेंगे तो हम जरूर विचार करेंगे. ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर अतरौलिया और दीदार गंज सहित आजमगढ़ की सभी दसों सीट पर सुभासपा की तैयारी करने की बात कही. कहा कि कौन कहां से और कितने सीटों पर लड़ेगा इसका अंतिम निर्णय अमित शाह लेंगे.