‘संगठन ही सरकार तय करता है’, वाराणसी में पंकज चौधरी ने बताया कि कैसे मिलेगा टिकट?

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वाराणसी दौरे के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि बीजेपी में संगठन सर्वोपरि है और सरकार के गठन से लेकर जिम्मेदारियों के बंटवारे तक का फैसला संगठन ही करता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के टिकट कार्यकर्ताओं के फीडबैक और इंटर्नल सर्वे के आधार पर तय किए जाएंगे.

भारतीय, जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी Image Credit:

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय, जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बड़ा बयान दिया है. वाराणसी दौरे पर पहुंचे पंकज चौधरी ने साफ कहा कि बीजेपी में संगठन सर्वोपरि है और सरकार के गठन से लेकर जिम्मेदारियों के बंटवारे तक का फैसला संगठन ही करता है. उन्होंने साफ कहा कि कार्यकर्ताओं की राय और इंटर्नल सर्वे के आधार पर ही विधानसभा चुनाव में टिकट तय होगा.

वाराणसी पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन और सरकार को लेकर चल रही तमाम राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बीजेपी एक विशुद्ध संगठन आधारित पार्टी है, जहां चुनाव कार्यकर्ता लड़ते हैं और जीत के बाद सरकार के गठन से लेकर नेतृत्व की भूमिका तक का फैसला संगठन ही करता है.पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं.

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि दो सांसदों से शुरू हुआ सफर आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति में बदल चुका है, केंद्र में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार और देश के 22 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है. पंकज चौधरी ने बिना किसी नाम का जिक्र किए स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ज्यादा संगठनात्मक निर्णयों का महत्व है.

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा में सरकार संगठन के निर्देशों और विचारधारा के अनुरूप चलती है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. इस दौरान पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर भी जोरदार पलटवार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है, सपा अगर सामाजिक प्रतिनिधित्व की बात करती है तो उसे भाजपा के नेतृत्व को देखना चाहिए.

पंकज चौधरी ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि वे किस सामाजिक वर्ग से आते हैं, यह सभी जानते हैं… इसके अलावा बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों तथा केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल की सामाजिक संरचना भी भाजपा के व्यापक प्रतिनिधित्व को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि 2024 में कुछ लोगों ने एक विशेष नैरेटिव बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की थी और कुछ हद तक उसमें सफल भी हुए, लेकिन बाद में जनता ने वास्तविकता को समझ लिया.

पंकज चौधरी ने दावा किया कि 2024 के बाद हुए विभिन्न चुनावों में भाजपा को लगातार सफलता मिली है, जनता ने भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का शासन गरीबों, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों के कल्याण को समर्पित रहा है.

Follow Us