‘अतीक की तरह ही…’ गविष्ठि यात्रा से पहले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मिली जान से मारने की धमकी
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को गविष्ठि यात्रा से पहले 'अतीक अहमद की तरह मारने' की धमकी मिली है. अज्ञात कॉलर ने ज्योर्तिमठ के आधिकारिक नंबर पर यह धमकी दी, जिसमें अपशब्दों का प्रयोग किया गया. वॉइस मेल के जरिए भी लगातार धमकियां मिल रही हैं. इस गंभीर मामले में मठ में हड़कंप मच गया है, और भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है.
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर दी है. इसमें कहा है कि शंकराचार्य हमेशा यात्रा में ही रहते हैं. इस यात्रा के दौरान ही उन्हें मार दिया जाएगा. कॉलर ने गाली गलौज की भाषा इस्तेमाल करते हुए कहा कि शंकराचार्य को अतीक अहमद की मौत मारा जाएगा. आरोपी ने यह धमकी केवल एक बार नहीं, बल्कि बार बार दी है.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शंकराचार्य की हत्या को लेकर अभद्र भाषा में संदेश वॉइस मेल पर मिल रहे हैं. यह संदेश कौन भेज रहा है, शंकराचार्य की हत्या कौन करना चाहता है, यह अभी साफ नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि शंकराचार्य तीन मई से उत्तर प्रदेश में गऊ रक्षा के लिए गविष्ठी यात्रा शुरू करने वाले हैं. इससे पहले यात्रा का नाम लेते हुए यह धमकी दी गई है.
ज्योतिर्मठ के नंबर पर मिली धमकी
संजय पांडेय ने बताया कि अज्ञात कॉलर ने यह धमकी ज्योर्तिमठ के आधिकारिक नंबर 7417417414 पर एक अप्रैल की सुबह करीब 10.25 बजे दी थी. जब कॉलर के नंबर को ब्लॉक कर दिया गया तो वॉइस मेल में ऑडियो संदेश छह अप्रैल को दोपहर 1.55 से 1.57 बजे के बीच आया. इस वाइस मेल में आरोपी ने शंकराचार्य के लिए गालियां बकते हुए कहा कि उनका धरती पर समय पूरा हो गया है. उन्हें अतीक की ही तरह मार दिया जाएगा.
धमकी से मठ में मचा हड़कंप
शंकराचार्य के नाम मिल रहे इन धमकी भरे संदेशों से मठ में हड़कंप मच गया है. शंकराचार्य के शिष्यों में भी भय का माहौल है. वाराणसी के वरिष्ठ अधिवक्ता और शंकराचार्य के वकील श्रीनाथ त्रिपाठी के मुताबिक यह मामला बेहद गंभीर है. वह इस मामले में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि शंकराचार्य हमेशा यात्रा में रहते हैं. ऐसे में बहुत संभव है कि यह आदमी कहीं मौका देखकर उनके ऊपर हमला कर दे.