शादी से इनकार पर कर दी हत्या! श्रेया हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे मुठभेड़ में पकड़ा गया

श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो गया है. विवेक ने कबूल किया कि श्रेया द्वारा शादी से इंकार करने पर उसने अपने दोस्त पुनीत के साथ मिलकर हत्या की थी. विवेक के पिता भी साजिशकर्ता के रूप में सामने आए हैं.

श्रेया उपाध्याय मर्डर: मुख्य आरोपी विवेक चौबे गिरफ्तार Image Credit:

वाराणसी के राजातालाब इलाके की एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस को 20 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, एनकाउटर के दौरान विवेक के पैर में गोली लगी है. आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब पांच बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्रेया हत्याकांड का मुख्य आरोपी जगतदेवपुर इलाके में छिपा हुआ है. सूचना पर राजातालाब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी की. पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा और जैसे ही आगे बढ़ी तो विवेक ने टीम पर फायरिंग कर दी. वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विवेक चौबे के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया.

शादी से इनकार बना हत्या की वजह

एडीसीपी राजातालाब नृपेंद्र कुमार ने बताया कि राजातालाब पुलिस ने एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या में मुख्य आरोपी विवेक चौबे को गिरफ्तार कर लिया है. इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे ने वारदात की वजह और घटनाक्रम बताया है. उसके बयान से साफ है कि छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या प्रेम के बाद शादी के लिए की गई थी.

पुलिस के अनुसार, विवेक और श्रेया के बीच पहले प्रेम संबंध थे. बाद में श्रेया की शादी किसी दूसरे युवक से तय हो गई थी. इससे विवेक नाराज़ था और उससे शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था. हालांकि युवती लगातार इससे इनकार करती रही. इसके बाद विवेक ने अपने दोस्त पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या कर दी थी.

हत्याकांड में अब तक तीन गिरफ्तारियां

पुनीत मिश्रा इस मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुका है. श्रेया हत्याकांड में मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस के अनुसार, विवेक चौबे और पुनीत मिश्रा ने हत्या को अंजाम दिया था, जबकि विवेक के पिता राम सहाय चौबे की भूमिका मामले में मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई है.

एक कमरे के बाथरूम में मिला था शव

एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को जगतपुर पीजी कॉलेज जाने के लिए राजातालाब के मरुई स्थित अपने घर से निकली थी. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी. परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे रहे. वहीं, दो दिन बाद 20 अगस्त को श्रेया का शव बच्छावं के एक कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ था.

शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई थीं. करीब 20 दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

Follow Us